वरिष्ठ संवाददाता – श्रीकांत चौबे– सगमा (गढ़वा): गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब टंडवा गांव निवासी 22 वर्षीय सबिता कुमारी (पिता स्वर्गीय पावन कुशवाहा) अपनी नानी के साथ कथित पति अर्जुन कुशवाहा के घर पहुंच गई। युवती ने आरोप लगाया कि अर्जुन कुशवाहा ने उससे हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने के बाद उसे अपनाने से इनकार कर दिया है।

सबिता कुमारी ने बताया कि अप्रैल 2025 में बंशीधरनगर स्थित बंशीधर मंदिर में अर्जुन कुशवाहा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। उसके अनुसार, विवाह में दोनों पक्षों के परिजन और रिश्तेदार शामिल हुए थे। विवाह के बाद उसे ससुराल में दो दिन रखा गया, फिर पति अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया। वहां लगभग एक सप्ताह रहने के बाद पलामू जिले के रेहला में मायके भेजने के बहाने छोड़कर चला गया और उसके बाद उससे संपर्क नहीं किया।

युवती का आरोप है कि बाद में उसकी सास उससे मिलने आती थीं और कहती थीं कि अर्जुन की दूसरी शादी से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है। मामला समाप्त होने के बाद उसे ससुराल ले जाया जाएगा। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि अर्जुन की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं। इस बीच एक वर्ष बाद उसके पिता की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
सबिता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसकी सास और देवर अमित कुमार ने उसकी नानी को बुलाकर कहा कि वह अपनी नातिन की कहीं और शादी करा दें, क्योंकि अर्जुन अब उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। कई बार संपर्क करने का प्रयास करने के बावजूद जब पति से बात नहीं हो सकी, तब वह अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव स्थित ससुराल पहुंची। वहां उसने अर्जुन को कथित रूप से दूसरी पत्नी के साथ देखा, जिसके बाद उसने ग्रामीणों से न्याय की मांग की। ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।
पीड़िता ने इस संबंध में धुरकी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
वहीं, अर्जुन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि सबिता द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं और सत्य सामने आने पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
समाचार दोनों पक्षों के बयानों पर आधारित है। मामले की सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

