विंढमगंज। दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के मामले में करीब डेढ़ वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की। नगर उंटारी महिला थाना कांड संख्या 05/2025, दिनांक 12 मार्च 2025 में आरोपी कमल हसन और नसीमा बीबी के खिलाफ न्यायालय नगर उंटारी, गढ़वा द्वारा इश्तेहार जारी किया गया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहे हैं। गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को नगर उंटारी महिला थाना पुलिस ने विंढमगंज थाना, सोनभद्र के सहयोग से महुली गांव स्थित आरोपियों के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवाई और न्यायालय द्वारा जारी इश्तेहार को उनके घर पर चस्पा किया।

इस दौरान पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बताया कि दोनों आरोपी उक्त मामले में फरार हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि आरोपियों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही दोनों आरोपियों को शीघ्र न्यायालय नगर उंटारी अथवा महिला थाना नगर उंटारी में आत्मसमर्पण करने की हिदायत दी गई।

पुलिस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक रुक्मिणी कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक गीता कुमारी सहित विंढमगंज थाना का गश्ती दल शामिल रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।











