कचनरवा-बागेसोती सड़क पर कई बार हो चुकी हैं दुर्घटनाएं, बोर्ड लगाने की मांग
कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा से बागेसोती जाने वाली सड़क पर सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क पर कई तीव्र मोड़ हैं, जहां पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के तीव्र मोड़ों पर सांकेतिक बोर्ड लगाए जाने से वाहन चालकों को पहले ही खतरे का संकेत मिल जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। बोर्ड के अभाव में अनजान वाहन चालकों के लिए तीव्र मोड़ खतरनाक साबित हो सकते हैं।
उदय यादव, रामफल, लालबहादुर सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि कचनरवा-बागेसोती सड़क के सभी खतरनाक मोड़ों पर जल्द से जल्द सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।












