विंढमगंज, सोनभद्र। विंढमगंज में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ चोरों ने अब मां काली मंदिर के ठीक सामने स्थित रोशन बीज भंडार को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान के ऊपर लगे करकट को काटकर चोर अंदर घुसे और लगभग 2,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन बीज भंडार के संचालक हृदय नारायण कुशवाहा, पुत्र डोमन कुशवाहा, निवासी मुडीसेमर, की दुकान में चोरों ने छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि दुकान के पास ही दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद दुकान में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
15 दिनों के भीतर चोरी की तीसरी घटना! लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। दुकानदारों के मन में अब यह सवाल उठने लगा है कि जब मुख्य बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थल के आसपास ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर वे अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें?
स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जांच करे, संदिग्धों की पहचान कर चोरी का खुलासा करे और बाजार में रात्रि गश्त तेज करे।
अब सवाल यह है कि चोरों तक पुलिस के हाथ कब पहुंचेंगे? लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कब लगेगी? क्या पुलिस प्रशासन जल्द कार्रवाई कर व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा बहाल कर पाएगा?
फिलहाल, पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और मामले के खुलासे की जानकारी सामने आने का इंतजार है।
रिपोर्ट: प्रेम कुशवाहा, विंढमगंज, सोनभद्र।












