हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, संजय सिंह गोंड धुर्वे ने रामलीला मंचन के लिए दिए 11 हजार रुपये
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दुर्गा पंडालों के पट खुलते ही माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा के दौरान आरती के बाद महाप्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं के बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।




राम-जानकी मंदिर परिसर में भव्य डांडिया कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं ने पारंपरिक बंगाली साड़ी पहनकर डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। मां दुर्गा के जयकारों और डांडिया की धुन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। डांडिया देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में समाजसेवी संजय सिंह गोंड धुर्वे, बसपा दुद्धी विधानसभा प्रभारी ने माता रानी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने रामलीला मंचन के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित किया और रामलीला आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी जरूरतमंद विद्यार्थी को पढ़ाई-लिखाई के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता हो तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। आयोजन समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने भी राम-जानकी मंदिर परिसर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने डांडिया कार्यक्रम में भाग ले रही महिलाओं की सराहना की और डांडिया की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के बारे में जानकारी दी।
रामलीला मंचन देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे। दुर्गा पूजा, डांडिया नृत्य, आरती, महाप्रसाद वितरण और रामलीला के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।












