दुद्धी के श्रीरामलीला मैदान की बदहाल तस्वीर; कहीं उबड़-खाबड़ जमीन तो कहीं जलभराव, खिलाड़ियों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
दुद्धी/सोनभद्र। जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता (जनपदीय रैली) का आयोजन 6 अक्टूबर से दुद्धी के श्रीरामलीला मैदान/टाउन क्लब मैदान में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे। लेकिन प्रतियोगिता शुरू होने से महज कुछ घंटे पहले मैदान की जो तस्वीर सामने आ रही है, वह आयोजकीय तैयारियों और खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

मैदान में जगह-जगह नुकीले पत्थरों और मलबे का ढेर पड़ा हुआ है। इतना ही नहीं, मैदान के एक हिस्से में निर्माण सामग्री तथा बड़े-बड़े कंक्रीट पाइप भी बिखरे नजर आ रहे हैं। जिस स्थान पर खिलाड़ियों को दौड़ना, कूदना और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है, वहां इस तरह की अव्यवस्था किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती है।
मैदान में भारी वाहनों के निशान, जमीन हुई खस्ताहाल
मैदान की स्थिति केवल मलबे तक सीमित नहीं है। भारी वाहनों के आवागमन से जगह-जगह जमीन उबड़-खाबड़ हो गई है और टायरों के गहरे निशान दिखाई दे रहे हैं। कई स्थानों पर जलभराव भी बना हुआ है। ऐसे में दौड़ प्रतियोगिता, लंबी कूद और अन्य मैदानी स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के फिसलने, पैर मुड़ने अथवा पत्थरों से टकराकर चोटिल होने की आशंका बनी हुई है।
जनपद भर से आएंगे खिलाड़ी, फिर भी तैयारी अधूरी
जनपदीय स्तर की प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होती है। ऐसे में आयोजन स्थल को प्रतियोगिता से पहले पूरी तरह सुरक्षित और खेल के अनुकूल बनाया जाना चाहिए था। लेकिन मैदान की वर्तमान स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तैयारियों में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
खेल प्रेमियों में नाराजगी, तत्काल कार्रवाई की मांग
मैदान की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों, शिक्षकों और नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले यदि मैदान को तत्काल दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी खिलाड़ी के साथ गंभीर हादसा होने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन, नगर पंचायत और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही युद्धस्तर पर मैदान की सफाई कराई जाए, पत्थर व मलबा हटाया जाए, निर्माण सामग्री और पाइपों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, जलभराव की निकासी कराई जाए तथा मैदान को समतल कराने के लिए रोलर चलवाया जाए।
लोगों का स्पष्ट कहना है कि खेल महोत्सव खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह का मंच होना चाहिए, हादसों का कारण नहीं। प्रशासन को बिना देर किए मौके पर पहुंचकर व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि जनपदीय खेल रैली सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।











