विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बुटबेढ़वा ग्राम पंचायत स्थित भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान से सटे सतत वाहिनी नदी के छठ घाट पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे पितृपक्ष के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पूजा-अर्चना, पिंडदान एवं तर्पण किया।

पंडित राजू रंजन तिवारी ने जजमानों को विधि-विधान से पिंडदान एवं तर्पण कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान कर पितरों के नाम पर जौ, तिल, पुष्प और जल अर्पित किया।
पंडित राजू रंजन तिवारी ने बताया कि पितृपक्ष में श्रद्धापूर्वक पितरों का तर्पण एवं स्मरण करने की धार्मिक परंपरा है।
वहीं, घाट पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई। लोगों ने ग्राम पंचायत में प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे ग्राम प्रधान से तत्काल घाट की साफ-सफाई कराने की मांग की।











