विण्ढमगंज/सोनभद्र। ग्राम धरती डोलवा में बिरसा मुंडा समर्पण समिति, धरती डोलवा के तत्वावधान में आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व प्रकृति पूजा एवं कर्मा पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने सहभागिता कर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और रीति-रिवाजों को जीवंत किया।

इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक विधि-विधान से प्रकृति की पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद पारंपरिक गीत-संगीत एवं नृत्य का आयोजन किया गया। ढोल-मांदर की थाप पर महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
आयोजकों ने कहा कि प्रकृति पूजा एवं कर्मा पर्व आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अमरेश कुमार गौतम, अध्यक्ष नंदलाल उरांव, कोषाध्यक्ष मन्नालाल, व्यवस्थापक सुनील उरांव, अयोध्या उरांव, कुंदन उरांव, राजा उरांव, अंबुज उरांव, विक्रम उरांव, नागेंद्र उरांव, चंदन उरांव एवं समक्ष उरांव सहित समस्त आदिवासी परिवारों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट: Digital Bharat News टीम
स्थान: धरती डोलवा, विण्ढमगंज, सोनभद्र











