(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
सोनभद्र पोलवा 22 सितंबर 2026। ग्राम पोलवा में मंगलवार को गोंडराजे बरियार शाह युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में करमा पर्व का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान अखड़ा में करम डाली की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मांदर की थाप और करम गीतों के बीच ग्रामीणों ने सामूहिक नृत्य कर पर्व की खुशियां मनाईं।

कार्यक्रम के संयोजक पवन सिंह पोया एवं सचिव जितेंद्र सिंह ने कहा कि करमा पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के साथ हमारे गहरे रिश्ते का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश देता है तथा लोगों को अपनी माटी और जड़ों से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि अखड़ा में करम डाली की पूजा, मांदर की थाप, करम गीत और सामूहिक नृत्य हमारी जीवंत संस्कृति एवं पुरखों से मिली अनमोल विरासत की पहचान हैं। करमा पर्व जल, जंगल और जमीन के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों तक अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश देता है।
इस अवसर पर करम देव से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। साथ ही गांव की प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं के साथ सदैव खुशहाल एवं समृद्ध रहने की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में घनश्याम सिंह, त्रिपुरारी सिंह (युवा नेता), दिनेश सिंह (बीडीसी), अरविंद रावेन गोंड, सतेंद्र सिंह, विनोद सिंह, रायसिंह, राजवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युव उपस्थित रहे।











