बरवाडीह । बरवाडीह आदर्शनगर में स्थित पेटल ब्लूम एकेडमी में गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला के तहत कान्हा द्वारा मटकी फोड़ने का कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। मटकी फूटते ही बच्चों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।वहीं विद्यालय प्रबंधन कुमार विवेक ने बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों को अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। साथ ही बच्चों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. अंत में बच्चों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में नजर आया।











