(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
दुद्धी (सोनभद्र)। विकास के तमाम दावों के बीच दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा फुलवार स्थित प्राथमिक विद्यालय महुआरिया तक जाने वाला करीब 500 मीटर लंबा कच्चा मार्ग आज भी बदहाल है। बारिश के दिनों में यह पूरा रास्ता कीचड़, जलभराव और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति विद्यालय जाने वाले 5 से 10 वर्ष की उम्र के मासूम बच्चों की है। बच्चे रोजाना बस्ता लेकर इसी कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर हैं। रास्ते में पानी भरे गड्ढों और फिसलन के कारण उन्हें काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं।
बताते चलें कि करीब दो महीने पहले भी इस बदहाल मार्ग की समस्या को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले मार्ग की सफाई कराकर खड़ंजा निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका।
मार्ग की खराब स्थिति का असर केवल स्कूली बच्चों पर ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोगों पर पड़ रहा है। कीचड़ और जलभराव के कारण एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बीमार मरीजों और जरूरतमंद ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने एक स्वर में उठाई सड़क निर्माण की मांग
इस संबंध में ग्राम सभा फुलवार के सम्मानित नागरिक प्रेम शंकर यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विद्यालय तक जाने वाले करीब 500 मीटर मार्ग पर जल्द से जल्द खड़ंजा अथवा सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की है।
मांग करने वालों में प्रेम शंकर यादव, जुगाड़ी पनिका, चनमन पनिका, छठू चेरो, राजेंद्र पनिका, चुनूलाल पनिका, नेपाली भुइया, नंदू पनिका, बिहारी भुइया, मुना भुइया और दुखन भुइया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का जल्द निर्माण नहीं कराया गया तो वे जिलाधिकारी सोनभद्र से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए मार्ग निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।










