August 5, 2026 5:38 pm

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

सोनभद्र का बढ़ा गौरव, महुली के राकेश कुमार कन्नौजिया पीएचडी की मानद उपाधि से सम्मानित शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को मिला राष्ट्रीय सम्मान

(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)

महुली (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली निवासी डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए आइकोनिक ह्यूमन राइट्स एंड एजुकेशनल ऑर्गेनाइजेशन (IHREO) द्वारा “डॉक्टरेट इन एजुकेशन” (पीएचडी की मानद उपाधि) से सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान से न केवल महुली और दुद्धी, बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद का गौरव बढ़ा है।
संस्था की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक नवाचार, सामाजिक जागरूकता तथा शिक्षा के प्रसार में विशेष योगदान को देखते हुए डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया को मानद पीएचडी (Honorary Doctorate Award) प्रदान की गई।
संस्था द्वारा जारी प्रमाण-पत्र में उल्लेख किया गया है कि मूल्यांकन समिति की संस्तुति एवं निर्धारित मानकों के सफल परीक्षण के उपरांत उन्हें “डॉक्टरेट इन एजुकेशन” की मानद उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं समाज के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया शिक्षा के साथ-साथ पत्रकारिता एवं सामाजिक सरोकारों से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना विकसित करने के लिए लगातार कार्य किया है। उनके द्वारा किए गए शैक्षिक एवं सामाजिक प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही महुली, दुद्धी तथा जनपद सोनभद्र में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया। शिक्षकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. कन्नौजिया को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा जगत, उनके विद्यार्थियों, सहयोगियों और पूरे समाज के विश्वास एवं स्नेह का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे शिक्षा, समाज सेवा और जनजागरण के क्षेत्र में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

Nitesh Kumar
Author: Nitesh Kumar

Nice

error: Content is protected !!