विंढमगंज, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामपानी, विंढमगंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संचालित एकल विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को शिक्षा देने वाली बहनों ने गुरुवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर थाना विंढमगंज पहुंचकर पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया और रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। बहनों ने थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत मिश्रा समेत समस्त दरोगा एवं दीवान को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों को अक्सर ड्यूटी के कारण घर से दूर रहकर रक्षाबंधन का पर्व मनाना पड़ता है। ऐसे में थाने पर बहनों का पहुंचकर पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधना भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र की बहनों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और आगामी शुक्रवार को यदि पुलिसकर्मी क्षेत्र में भ्रमण करते दिखाई दें तो बहनें उन्हें रोककर रक्षा सूत्र बांधें और अपनी सुरक्षा के लिए उन्हें वचनबद्ध करें।
इस दौरान आचार्य अंगद, शिवनाथ, दिनेश, अजय, महेंद्र प्रसाद सहित बहन सुनीता देवी, कबूतरी देवी, रिंकू देवी, संध्या देवी, अनीता देवी, सोनी देवी, प्रियांशी देवी, गीत देवी, जूही देवी, ललिता देवी, मीना देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।











