यूपी के साथ झारखंड से भी पहुंचे श्रद्धालु, मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद हुआ भंडारा
विंढमगंज (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर विंढमगंज क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और आरती हुई। वहीं, डांडिया-गरबा के आयोजन में बच्चों, महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देर रात तक पंडालों में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। उत्तर प्रदेश के साथ सीमावर्ती झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। रामलीला देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी।

नगर के श्रीराम जानकी मंदिर, मां काली मंदिर, शिव मंदिर सलैयाडीह, शिव समर्पण समिति धरतीडोलवा और नवयुवक दुर्गा पूजा समिति मुडीसेमर में विशेष आयोजन किए गए। श्रीराम जानकी मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, मां काली मंदिर समिति के अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल, शिव मंदिर सलैयाडीह समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, शिव समर्पण समिति धरतीडोलवा के अध्यक्ष मुन्ना पासवान और नवयुवक दुर्गा पूजा समिति मुडीसेमर के अध्यक्ष उपेंद्र पासवान के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुए।
इस दौरान पंडित नंदलाल तिवारी, मनोज तिवारी, राजू तिवारी, गुड्डू तिवारी, आनंद कुमार द्विवेदी और शेषमणि पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कराई। आरती और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।
डांडिया महोत्सव में देर रात तक थिरके प्रतिभागी
राम-जानकी मंदिर व
मां काली मंदिर परिसर में आयोजित डांडिया महोत्सव में आरती सिंह ने माता रानी के जयकारों के साथ किया। इसके बाद पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों, महिलाओं और युवतियों ने डांडिया-गरबा में भाग लिया। कार्यक्रम देर रात तक चला और परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
आयोजक समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश, ध्वनि और बैठने की व्यवस्था की गई थी। साथ ही भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया। अष्टमी के अवसर पर मंदिरों और पूजा पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा।












