(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
दुद्धी/सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोलवा में शनिवार, 08 अगस्त 2026 को सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने राहत जताई। ग्रामीणों के अनुसार सुरेश पान की दुकान के पीछे से लेकर लैम्प्स के बगल से होकर गुजरने वाले कच्चे मार्ग पर आज सफाई का कार्य कराया गया।
मार्ग के दोनों ओर जमी गंदगी और झाड़ियों की सफाई की गई है। सफाई कार्य नए पंचायत प्रभारी के नेतृत्व में कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि इंडिया न्यूज़ सोनभद्र द्वारा कुछ दिन पूर्व ग्राम पंचायत पोलवा में सफाई व्यवस्था तथा रास्ते में फैली गंदगी और कीचड़ की समस्या को लेकर खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद उक्त मार्ग पर सफाई कार्य शुरू कराया गया।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर कीचड़ की समस्या अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। बारिश के दौरान कच्चे मार्ग पर दोबारा कीचड़ जमा होने से आवागमन में परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सफाई के साथ-साथ मार्ग की समस्या का भी जल्द समाधान कराया जाएगा, जिससे लोगों को बरसात के दौरान आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।










