विंढमगंज (सोनभद्र) गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को विंढमगंज स्थित कल्याण मंडप परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु वंदना एवं गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ग्राम नगवा, थाना अमवार (सोनभद्र) से पधारे वक्ता शिव कुमार एवं विजय कुमार ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के प्रदाता ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति का नैतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास संभव है। उन्होंने गायत्री परिवार के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा संस्कारयुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।
इस अवसर पर सामूहिक यज्ञ, गायत्री मंत्र जप एवं प्रार्थना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए विश्व शांति, मानव कल्याण एवं राष्ट्र की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री हुलास राम यादव, श्री रामदास कुशवाहा, श्री उमेश जायसवाल, डॉ. रूपनारायण गुप्ता, श्री महेश कुशवाहा, श्री शिव कुमार कुशवाहा, श्री ओम प्रकाश यादव एवं श्री प्रेम कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया तथा कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ संपन्न हुआ।





