Last Updated:
अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने पर ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ नाम से एक विशेष लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट जारी किया गया है. इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर, उनके हस्ताक्षर और स्वतंत्रता घोषणा से जुड़ी ऐतिहासिक झलक शामिल है. यह पासपोर्ट केवल सीमित संख्या में उपलब्ध होगा और इसे लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है.
डोनाल्ड ट्रंप की फोटो वाला पासपोर्ट.
वाशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई चुनावी रैली या विदेश नीति नहीं, बल्कि एक खास ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ है. अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर जारी किए गए इस लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट में ट्रंप की तस्वीर और उनके हस्ताक्षर शामिल किए गए हैं. इसे लेकर समर्थकों में उत्साह है, जबकि आलोचक इसे सरकारी संस्थानों के राजनीतिक इस्तेमाल की मिसाल बता रहे हैं. ट्रंप ने 26 जून को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पासपोर्ट का एक मॉक-अप साझा करते हुए लिखा, ‘अमेरिका का नया पासपोर्ट, जो कहता है- ‘स्वागत है, लेकिन अच्छे से रहिए!’
पासपोर्ट के डिजाइन में ट्रंप की गंभीर मुद्रा वाली तस्वीर, उनके हस्ताक्षर और पृष्ठभूमि में अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा (डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस) का पाठ दिखाई देता है. यह तस्वीर व्हाइट हाउस के फोटोग्राफर डेनियल टोरोक की ओर से खींचे गए एक आधिकारिक चित्र पर आधारित बताई जा रही है. पासपोर्ट के दूसरे पृष्ठ पर वर्ष 1776 में स्वतंत्रता घोषणा पर हस्ताक्षर किए जाने का ऐतिहासिक चित्र है, जिसके साथ ‘यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका 250’ लिखा गया है. व्हाइट हाउस ने भी इस डिजाइन को साझा करते हुए इसे ‘पैट्रियट पासपोर्ट’ नाम दिया है.
अमेरिकी लोगों को कैसे मिल सकेगा पासपोर्ट?
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, इस विशेष पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन या डाक के माध्यम से आवेदन नहीं किया जा सकेगा. इच्छुक अमेरिकी नागरिकों को वाशिंगटन डीसी स्थित वाशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी में व्यक्तिगत रूप से जाकर पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट लेना होगा. वर्तमान अमेरिकी पासपोर्ट में देश के इतिहास से जुड़े कई दृश्य, जैसे चंद्रमा पर मानव की लैंडिंग, और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों को दर्शाया गया है. इस स्मारक पासपोर्ट की पहली घोषणा अप्रैल में की गई थी. उस समय जारी किए गए डिजाइन में केवल डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा दिखाया गया था और उनके हस्ताक्षर काले की बजाय सुनहरे (गोल्डन) रंग में थे. साथ ही, उस शुरुआती डिजाइन पर ‘250’ अंक भी शामिल नहीं थे.
40,000 पासपोर्ट की प्रतियां दी जाएंगी
प्रमुख दैनिक ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग ने दावा किया है कि इस स्मारक पासपोर्ट की 40,000 प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी. ये 6 जुलाई से वॉशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी में अमेरिकी नागरिकों के लिए सीमित स्टॉक उपलब्ध रहने तक जारी किए जाएंगे. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप अपने कार्यकाल में कई सरकारी संस्थानों पर अपनी व्यक्तिगत पहचान छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. सरकारी इमारतों पर उनके बैनर लगाए गए हैं, जबकि ट्रेजरी विभाग ने कहा है कि जल्द ही एक डॉलर के नोट पर भी उनके हस्ताक्षर दिखाई देंगे. इसके अलावा, उन्होंने जॉन एफ. केनेडी सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स के साथ भी अपना नाम जोड़ा था, जिसे बाद में अदालत के आदेश पर हटाना पड़ा. अगर यह पासपोर्ट जारी होता है, तो डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी यात्रा दस्तावेजों पर चित्रित होने वाले पहले मौजूदा (कार्यरत) राष्ट्रपति होंगे.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…और पढ़ें











