Last Updated:
fifa world cup 2026 golden boot race: फ्रांस के काइलियन एमबाप्पे ने पराग्वे के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में पेनल्टी किक पर गोल दागकर अपने वर्ल्ड कप करियर का 19वां गोल दागा. यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनका सातवां गोल है, जिससे अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के साथ उन्होंने ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ रोचक बना दी. इन दोनों खिलाड़ियों ने वर्तमान टूर्नामेंट में अभी तक सर्वाधिक सात सात गोल किए हैं और वह टूर्नामेंट में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे हैं.
गोल्डन बूट जीतने की रेस में कौन सबसे आगे?
नई दिल्ली. फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक दौर की ओर बढ़ रहा है और इसके साथ ही ‘गोल्डन बूट’ की रेस भी बेहद रोमांचक होती जा रही है. अब तक खेले गए मुकाबलों में कई दिग्गज स्ट्राइकर शानदार फॉर्म में नजर आए हैं, लेकिन फिलहाल इस दौड़ में फ्रांस के स्टार किलियन एम्बाप्पे सबसे आगे हैं. वहीं, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं. इन दोनों उनके बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. दूसरी ओर पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस सूची में टॉप-10 से भी बाहर हैं.
एम्बाप्पे सबसे आगे, मेसी दूसरे नंबर पर
फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे गोल्डन बूट की रेस में फिलहाल सबसे आगे हैं. उन्होंने अब तक 7 गोल दागे हैं और शानदार लय में दिखाई दिए हैं. उनके ठीक पीछे अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी हैं, जिन्होंने भी 7 गोल किए हैं. हालांकि, टाई-ब्रेकर के आधार पर एम्बाप्पे पहले और मेसी दूसरे स्थान पर हैं. तीसरे स्थान पर नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड हैं, जिनके नाम 5 गोल हैं. इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन भी 5 गोल के साथ चौथे नंबर पर हैं. दोनों खिलाड़ियों के पास नॉकआउट मुकाबलों में गोल कर शीर्ष पर पहुंचने का शानदार मौका होगा.
टॉप-10 में कई नए चेहरे
गोल्डन बूट की रेस में इस बार कई नए नाम भी चमके हैं. फ्रांस के उस्मान डेम्बेले (4 गोल), स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल (4), ब्राजील के विनीसियस जूनियर (4) और सेनेगल के इस्माइला सार (4) भी टॉप-10 में शामिल हैं. जर्मनी के डेनिज उंडाव और स्विट्जरलैंड के जोहान मंजांबी ने भी 3-3 गोल कर प्रभावित किया है.
रोनाल्डो के नाम अब तक तीन ही गोल
फुटबॉल इतिहास के महान खिलाड़ियों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब तक 3 गोल ही कर पाए हैं. यही वजह है कि वह गोल्डन बूट की मौजूदा सूची में 17वें स्थान पर हैं और टॉप-10 से भी बाहर हैं. हालांकि, यदि पुर्तगाल आगे बढ़ता है और रोनाल्डो अगले मैचों में लगातार गोल करते हैं, तो वह इस रेस में वापसी करते हुए टॉप-3 में जगह बना सकते हैं.
गोल्डन बूट की रेस अभी पूरी तरह खुली हुई है. कोई भी खिलाड़ी अगले कुछ मुकाबलों में ऊपर पहुंच सकता है. जैसे-जैसे नॉकआउट स्टेज आगे बढ़ेगा यह रेस भी रोमांचक होती जाएगी. एम्बाप्पे और मेसी के बीच सिर्फ टाई-ब्रेकर का अंतर है, जबकि हालैंड और हैरी केन भी ज्यादा पीछे नहीं हैं. हर गोल के साथ यह मुकाबला बदल सकता है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टूर्नामेंट के अंत में सबसे ज्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी कौन बनता है और प्रतिष्ठित गोल्डन बूट अपने नाम करता है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें












