Last Updated:
FIFA World cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अर्जेंटीना ने काबो वर्दे को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह बना ली है. अर्जेंटीना और काबो वर्दे के बीच ये मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा है. काबो वर्दे ने एक्स्ट्रा टाइम में एक समय स्कोर को बराबरी पर ला दिया था, लेकिन अर्जेंटीना के लिए एक बार फिर लियोनल मेसी का जादू चला और उनके शानदार कॉर्नर किक से टीम को जीत मिली.
अर्जेंटीना ने काबो वर्दे को 3-2 से हराया
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन ने काबो वर्दे को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ-16 में अपनी जगह बना ली है. दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में तब रोमांचक हो गया, जब काबो वर्दे ने स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया. इस बराबरी के बाद तो अर्जेंटीना सांसें थम गई थी, लेकिन एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ में लियोनल मेसी के शानदार कॉर्नर किक से अर्जेंटीना गोल करने में सफल रही, जिससे उसे आखिरी में मिनट में जीत नसीब हुई.
अर्जेंटीना के लिए क्रिस्टियन रोमेरो ने 110वें मिनट में विनिंग गोल दागा. पहली बार फीफा विश्व कप खेल रहे छोटे से देश कावो वर्दे ने डिफेंडिंग चैंपियन को कड़ी टक्कर दी. सिर्फ 6 लाख की आबादी वाले काबो वर्दे ने अर्जेंटीना के साथ मैच को एक्स्ट्रा टाइम तक खींच कर दर्शकों में जोश भर दिया. काबो वर्दे और अर्जेंटीना के बीच ये मैच 90 मिनट के बाद 1-1 की बराबरी पर थी.
एक्स्ट्रा टाइम में रोमांच की सारी हदें पार
एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ में अर्जेंटीना के लिसैंड्रो मार्टिनेज ने 93वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी, लेकिन पासा तब पलट गया जब काबो वर्दे के लिए सिडनी लोपेज कैब्राल ने एक शानदार गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया. स्कोर की बराबरी के बाद अर्जेंटीना के फैंस हताश हो गए, लेकिन रोमेरो ने अर्जेंटीना के लिए तीसरा गोल कर टीम को जीत दिलाई.
लियोनल मेसी ने किया मैच का पहला गोल
इससे पहले मैच में लियोनेल मेसी ने सबसे पहला गोल किया. अर्जेंटीना के लिए यह गोल 29वें मिनट में आया. हाफ-टाइम तक अर्जेंटीना ने 1-0 से अपनी बढ़त को बरकरार रखा, लेकिन काबो वर्दे के लिए डेरॉय डुआर्टे ने 59वें मिनट में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया, और 90वें मिनट तक स्थिति ऐसी ही बनी रही. यही कारण है कि मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा जहां अर्जेंटीना ने जैसे-तैसे अपनी साख बचाते हुए 3-2 से सफलता हासिल की.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें













