Last Updated:
Priyadarshan Hera Pheri 3: मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने ‘हेरा फेरी 3’ का निर्देशन न करने की पुष्टि करते हुए निर्माता फिरोज नाडियाडवाला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रियदर्शन के मुताबिक फिरोज ने कई बार उनका अपमान किया और अक्षय कुमार से उन्हें फिल्म में न लेने की गुजारिश की थी. डायरेक्टर ने बताया कि वह अक्षय, सुनील और परेश रावल के कहने पर यह फिल्म देश की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी बनाने के लिए तैयार हुए थे, लेकिन अब भारी कानूनी विवादों के कारण इस फिल्म का भविष्य पूरी तरह खतरे में है.
प्रियदर्शन ने ‘हेरा फेरी 3’ छोड़ दी है.
नई दिल्ली. प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार, परेश रावल, सुनील शेट्टी के साथ बॉलीवुड की सबसे क्लासिक फिल्म ‘हेरा फेरी’ दी है. इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ था, लेकिन फिर खबर आई कि प्रियदर्शन ने फिल्म छोड़ दी है. अब लेटेस्ट इंटरव्यू में डायरेक्टर ने इस क्लासिक फ्रेंचाइजी से पीछे हटने की वजह का खुलासा करते हुए फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला पर आरोप लगाए हैं.
प्रियदर्शन ने प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वो उनकी बेइज्जती करते थे. मिड-डे के साथ बातचीत में प्रियदर्शन ने बताया कि प्रोड्यूसर ने अक्षय कुमार से कहा था कि उनके पास हेरा फेरी 3 बनाने के सारे राइट्स हैं, लेकिन बस वो उनके (प्रियदर्शन के) साथ न बनाए. इस बारे में वो आगे कहते हैं, ‘फिरोज ने अक्षय कुमार से साफ तौर पर कहा था, ‘तुम्हारे पास हेरा फेरी 3 बनाने के अधिकार तो हैं, लेकिन इसे कभी प्रियदर्शन के साथ मत बनाना. बस मेरी यही एक गुजारिश है.’ उन्होंने कई मौकों पर मेरा अपमान किया’.
प्रियदर्शन ने खोली प्रोड्यूसर की पोल
डायरेक्टर आगे कहते हैं, ‘उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि साल 2000 में आई ‘हेरा फेरी’ का मेरा कट किसी गरीब आदमी की फिल्म जैसा लग रहा था, और उन्हें मेरी पांच घंटे लंबी फिल्म को दोबारा एडिट करना पड़ा था. वो पूरी फिल्म के दौरान उनकी बेइज्जती करते थे.
प्रियदर्शन ने आगे कहा कि वह शुरुआत में इस फिल्म को सिर्फ और सिर्फ अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की वजह से करने के लिए तैयार हुए थे. उन्होंने कहा, ‘तीनों कलाकारों ने मुझसे इसके निर्देशन की गुजारिश की थी. जब मैंने उन्हें कहानी सुनाई तो वे बेहद उत्साहित थे. मुझे पूरा भरोसा था कि मैं ‘हेरा फेरी 3′ को देश की सबसे बड़ी फिल्म फ्रेंचाइजी बना देता. मैं धुरंधर फ्रेंचाइजी से भी बड़ी फिल्म बना सकता था’.
प्रोड्यूसर्स की वजह से प्रियदर्शन ने छोड़ी ‘हेरा फेरी 3’
वो आगे कहते हैं कि जब ‘हेरा फेरी 3’ का ऐलान का हुआ था तो सेवन आर्ट्स फिल्म्स के जीपी विजयकुमार ने उन्हें फोन कर कहा था कि अगर वो फिल्म बनाते हैं तो ये राइट्स का उल्लंघन होगा. विवादों को देखते हुए प्रियदर्शन ने निराशा जताते हुए कहा, ‘मुझे समझ नहीं आया कि क्या करूं. अब बहुत सारे कानूनी पचड़े सामने आ चुके हैं. मुझे लगता है कि ‘हेरा फेरी 3’ शायद कभी उसी स्टारकास्ट के साथ बड़े पर्दे पर न आ पाए. ‘हेरा फेरी’ का जन्म हुआ था, ‘फिर हेरा फेरी’ थोड़ी फिकी पड़ी और फिर अब लगता है कि ‘हेरा फेरी 3’ बन ही नहीं पाएगी.
About the Author

From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…और पढ़ें












