कचनरवा/सोनभद्र। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत कचनरवा (हड़वरिया) में भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

इस अवसर पर भीम आर्मी युवा कचनरवा (हडवरिया) समिति के नेतृत्व में एक विशाल एवं आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भंजन भारती, जीतेन्द्र भारती, पंचम भारद्वाज, मदन भारती, लवकुश भारती, कमलेश, अनुज कुमार और मुकेश कुमार ने किया। शोभा की यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

शोभा यात्रा कचनरवा बाजार, बस स्टैंड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर पहुंची। पूरे मार्ग में “जय भीम” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंजता रहा। प्रतिभागियों ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधानपति राजनारायण (राजू भारती), पूर्व ब्लॉक प्रमुख बंशीधर, पूर्व ग्राम प्रधान उदय यादव, विकास रघुवंशी, राम पीयूष त्रिपाठी सहित कई उग्र लोग उपस्थित रहे। सभी ने समारोह को सफल और भव्य बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

रात्रि लगभग 9 बजे बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समानता, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे उनके सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं|

इस दौरान कोन थाना पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था में हेड कांस्टेबल कृष्ण यादव, कांस्टेबल अजीत यादव और कांस्टेबल अभय कुमार की सक्रिय भूमिका रही, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैदी से तैनात रहे।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, भाईचारे एवं संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।













