Last Updated:
Argentina vs Austria fifa world cup score: लियोनल मेसी के जादुई प्रदर्शन से मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने लगातार दूसरे मैच में जीत दर्ज करके फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट में जगह बना ली है. लगातार छठी बार अर्जेंटीना टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में पहुंची है. मेसी के दो गोल से ग्रुप-जे के मैच में अर्जेटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से धूल चटा दी.
मेसी के वर्ल्ड रिकॉर्ड से अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया.
नई दिल्ली. ‘फुटबॉल के भगवान’ कहे जाने वाले लियोनल मेसी ने एक बार फिर इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया. डलास के खचाखच भरे स्टेडियम में मेसी के ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से शिकस्त दी. इस धमाकेदार जीत के साथ ही मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने एक मैच बाकी रहते हुए लगातार छठी बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है. मैच के दौरान एक समय ऐसा आया जब मेसी पेनल्टी चूक गए और पूरा स्टेडियम सन्न रह गया, लेकिन इस दिग्गज को इतिहास रचने से रोकना नामुमकिन था. उन्होंने मैच में दो शानदार गोल दागकर न सिर्फ अर्जेंटीना को जीत दिलाई, बल्कि वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का महानतम वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
पेनल्टी चूके, फिर रच दिया इतिहास
अल्जीरिया के खिलाफ पिछले मैच में हैट्रिक लगाने वाले मेसी इस मैच में जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस (16 गोल) की बराबरी पर खड़े थे. उन्हें वर्ल्ड कप इतिहास का सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर बनने के लिए महज एक गोल की दरकार थी. मैच के शुरुआती मिनटों में ही जब अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, तो लगा कि मेसी इतिहास रचने को तैयार हैं. पूरा स्टेडियम जश्न मनाने के लिए खड़ा हो गया, लेकिन मेसी गोल करने से चूक गए. इसके बाद ऑस्ट्रिया ने मैच में वापसी की और अर्जेंटीना पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन मेसी ने ज्यादा देर तक ऐसा नहीं होने दिया.
सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोल करने वाले स्टार बने मेसी
ऑस्ट्रिया ने राल्फ रेंगनिक के मार्गदर्शन में मेसी को घेरने की मजबूत रणनीति बनाई थी. मार्सेल सबित्जर और कोनराड लेइमर ने मिडफील्ड में अर्जेंटीना के खेल को काफी प्रभावित किया, जिससे अर्जेंटीना की लय टूटती हुई दिख रही थी. तभी हाफ-टाइम से ठीक पहले मेसी ने अपनी क्लास दिखाई. बॉक्स के कोने पर गेंद मिलते ही उन्होंने ऑस्ट्रियाई डिफेंस को छकाया और एक ऐसा सटीक निशाना लगाते हुए गेंद को सीधे नेट में भेज दिया. यह मेसी का वर्ल्ड कप में 17वां गोल था. इस गोल के साथ ही उन्होंने मिरोस्लाव क्लोस को पीछे छोड़ दिया और वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल स्कोरर बन गए. साथ ही वह जस्ट फोंटेन और जाइरजिन्हो के बाद लगातार 6 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने.
दूसरे हाफ में दागा एक और गोल
मैच के दूसरे हाफ में ऑस्ट्रिया ने बराबरी की काफी कोशिशें कीं, लेकिन अर्जेंटीना ने खेल पर अपना नियंत्रण बनाए रखा. मैच के आखिरी पलों (स्टॉपेज टाइम) में मेसी ने एक बार फिर अपना जादू बिखेरा. उन्होंने राइट विंग से गेंद लेकर जूलियन अल्वारेज की तरफ पास बढ़ाया. अल्वारेज का शॉट पूरी तरह कनेक्ट नहीं हो पाया, लेकिन मेसी अपनी रनिंग जारी रखते हुए सही समय पर सही जगह मौजूद थे. जैसे ही गेंद डिफेंडर्स से छटक कर दूर हुई, मेसी ने फुर्ती दिखाते हुए उसे गोल पोस्ट में डाल दिया. यह टूर्नामेंट का उनका 5वां और वर्ल्ड कप करियर का 18वां गोल था.
नॉकआउट के लिए पूरी तरह तैयार अर्जेंटीना
इस मैच में सिर्फ मेसी का रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि अर्जेंटीना का जुझारूपन भी देखने लायक था. अल्जीरिया के खिलाफ जहां अर्जेंटीना ने एकतरफा खेल दिखाया था, वहीं ऑस्ट्रिया के खिलाफ उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. क्रिस्टियन रोमेरो ने घुटने की समस्या के कारण मैदान छोड़ने से पहले डिफेंस को मजबूत रखा, जिसके बाद निकोलस ओटामेंडी ने कमान संभाली. रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और एंज़ो फर्नांडीज ने मिडफील्ड को पूरी तरह नियंत्रित रखा. दो मैचों में दो जीत और 6 अंकों के साथ अर्जेंटीना अब 27 जून को ग्रुप जे के अपने आखिरी मैच में जॉर्डन से भिड़ेगा. चूंकि नॉकआउट का टिकट पहले ही मिल चुका है, ऐसे में कोच लियोनेल स्कालोनी प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दे सकते हैं. हालांकि, अकेले दम पर 18 गोल के साथ टॉप पर बैठे मेसी इस फॉर्म को आगे भी जारी रखने के लिए बेताब दिख रहे हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें












