Last Updated:
Portugal vs Uzbekistan FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप K मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के हीरो रहे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, जिन्होंने दो गोल दागे और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. रोनाल्डो ने मैच के दौरान विश्व कप के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का ऐतिहासिक कारनामा भी किया. उनके अलावा नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने भी गोल किए, जबकि उज्बेकिस्तान की ओर से एक आत्मघाती गोल हुआ. इस शानदार जीत के साथ पुर्तगाल ने नॉकआउट दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया, जबकि विश्व कप में पहली बार खेल रही उज्बेकिस्तान की टीम पर बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है.
पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को हराया.
नई दिल्ली. क्रिस्टियानो रोनाल्डो के रिकॉर्ड्स की बारिश से पुर्तगाल की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपनी पहली जीत का बिगुल बजा दिया है. ह्यूस्टन में खेले गए ग्रुप-K के एकतरफा मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदकर टूर्नामेंट में धमाकेदार वापसी की. पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद रोनाल्डो की सेना पर वापसी का भारी दबाव था, लेकिन 41 साल के करिश्माई कप्तान ने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि कई रिकॉर्ड्स के साथ इतिहास के पन्नों में अपना नाम एक बार फिर स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया. पुर्तगाल के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो (6वें और 39वें मिनट) ने दो गोल किए, जबकि नूनो मेंडेस (17वां मिनट), राफा लेआओ (87वां मिनट) ने एक-एक गोल किया. नेमातोव ने 60वें मिनट में अपने ही गोल पोस्ट में फुटबॉल को पहुंचाकर पुर्तगाल को एक गोल का तोहफा दे दिया. इस जीत से पुर्तगाल की टीम अपने ग्रुप में 4 अंक के साथ सबसे ऊपर पहुंच गई है.
रोनाल्डो का ऐतिहासिक डबल धमाका
मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान पर शिकंजा कस दिया था. छठे मिनट में जोआओ कैंसिलो के बेहतरीन क्रॉस को रोनाल्डो ने गोल में तब्दील कर टीम का खाता खोला. इस गोल के साथ ही वह 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. इसके बाद 39वें मिनट में रोनाल्डो ने बॉक्स के कोने से एक और शानदार मैदानी गोल दागकर पुर्तगाल की बढ़त को 3-0 कर दिया. यह रोनाल्डो का 10वां वर्ल्ड कप गोल था, जिसके साथ ही वह महान खिलाड़ी यूसेबियो (9 गोल) को पीछे छोड़कर वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए.
रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप में रचा इतिहास.
मेंडेस की फ्री-किक और लेआओ की फिनिशिंग
रोनाल्डो के अलावा 17वें मिनट में नूनो मेंडेस ने एक जादुई फ्री-किक पर गोल दागा, जिसमें रोनाल्डो ने डिफेंडर्स का ध्यान भटकाने में अहम भूमिका निभाई. दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर नेमातोव की गलती से पुर्तगाल को 60वें मिनट में एक आत्मघाती (own goal) तोहफा मिला. मैच खत्म होने से ठीक पहले 87वें मिनट में राफा लेआओ ने पांचवां गोल दागकर उज्बेकिस्तान की ताबूत में आखिरी कील ठोक दी. उज्बेकिस्तान के अजीजजोन गनीव ने लंबी दूरी से एक शानदार गोल जरूर किया था, लेकिन फाउल के कारण रेफरी ने इसे अमान्य घोषित कर दिया.
रोनाल्डो ने ये रिकॉर्ड भी बनाया
क्रिस्टियानो रोनाल्डो 41 वर्ष और 138 दिन की उम्र में फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उनसे आगे सिर्फ कैमरून के रोजर मिला हैं, जिन्होंने 1994 में रूस के खिलाफ 42 वर्ष और 39 दिन की उम्र में गोल दागा था. शानदार खेल के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया.
पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो.
मैच के बाद रोनाल्डो ने क्या कहा?
पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जीत पर कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं, लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण टीम का प्रदर्शन और हमारा आत्मविश्वास है. रिकॉर्ड्स हमेशा अच्छे लगते हैं, लेकिन मेरा अंतिम लक्ष्य हमेशा अपनी राष्ट्रीय टीम को आगे ले जाना है.’ वहीं, पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने कहा, ‘ड्रेसिंग रूम से हमें इसी तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद थी. टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए कभी-कभी पहले मैच (कांगो के खिलाफ ड्रॉ) जैसे झटके जरूरी होते हैं. आज टीम में अधिक परिपक्वता दिखाई दी.’
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें












