Last Updated:
Cristiano Ronaldo world record: उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच का पहला गोल करते ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया, यह महान फुटबॉलर 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाला दुनिया का पहला खिलाड़ी बन गया. उनका यह रिकॉर्ड टूटना असंभव जैसा ही है.
रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप में रचा इतिहास.
नई दिल्ली. पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने फुटबॉल इतिहास में एक ऐसा महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे आज तक दुनिया का कोई भी खिलाड़ी नहीं छू सका है. बड़े टूर्नामेंटों में पिछले कुछ समय से चले आ रहे अपने गोल के सूखे को खत्म करते हुए रोनाल्डो ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच का पहला गोल दागा. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रोनाल्डो का यह पहला गोल था और इसी के साथ इस दिग्गज ने इतिहास भी रच दिया. रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले और इकलौते फुटबॉलर बन गए हैं. मौजूदा टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में रोनाल्डो कोई गोल नहीं कर पाए थे, जिससे उनके फैंस को निराशा हाथ लगी.
रोनाल्डो का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इससे पहले कतर में हुए 2022 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान घाना के खिलाफ गोल करके पांच अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन, उज्बेकिस्तान के खिलाफ आया यह गोल उनके लिए बेहद खास था. इस गोल से पहले रोनाल्डो पिछले 10 बड़े इंटरनेशनल मैचों (वर्ल्ड कप और यूरो कप मिलाकर) से एक भी गोल नहीं कर पाए थे. इस सूखे के दौरान उन्होंने गोल करने के लिए 33 शॉट लगाए थे और उनका ‘एक्सपेक्टेड गोल्स’ का आंकड़ा 4.5 का था, लेकिन किस्मत उनका साथ नहीं दे रही थी. आखिरकार इस गोल के साथ उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया है.












