Last Updated:
गोविंदा की दीवानगी 90 के दशक में इस कदर थी कि एक फीमेल फैन उनके घर में नौकरानी बन गई थी. उसने गोविंदा के करीब रहने के लिए ऐसा किया था. जब गोविंदा घर पर होते तो लड़की बर्ताव बिल्कुल बदल जाता था. जब इस बात की भनक गोविंदा की पत्नी सुनीता को लगी तो उन्हें शक हुआ और फिर एक दिन लड़की का राज खुल गया. सुनीता को पता चला कि वो लड़की एक बड़े खानदान से है और उसके पिता के पास आठ गाड़ियां हैं.
गोविंदा के घर में रईस परिवार की लड़की नौकरानी बनकर काम कर रही थी.
नई दिल्ली. 90 के दशक में गोविंदा का जलवा ही अलग था. उनकी एक्टिंग, कॉमेडी और डांस के लोग दीवाने थे. लड़कियां भी गोविंदा पर खूब मरती थीं. कुछ समय पहले गोविंदा ने अपनी एक जबरा फैन से जुड़ा मजेदार वाकया शेयर किया था. एक लड़की गोविंदा के करीब रहने के लिए उनके घर में नौकरानी बनकर काम करने लगी थी. लेकिन गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा को उस लड़की पर कुछ समय बाद ही शक हो गया था.
गोविंदा ने इस दिलचस्प किस्से को याद करते हुए बताया कि उन्होंने कई दिनों तक एक लड़की को लगातार अपने घर के बाहर खड़े नोटिस किया. उन्हें लगा कि बेचारी काम की तलाश में भटक रही है उन्होंने उसे अपनी मां के पास भेज दिया, क्योंकि घर के कामकाज और स्टाफ की जिम्मेदारी मां ही संभालती थीं.
सुनीता आहूजा को लड़की पर हुआ शक
बॉलीवुड बबल के साथ इंटरव्यू के दौरान गोविंदा ने बताया, ‘वह लड़की काफी अमीर घर से थी. एक दिन मैंने उसे घर के बाहर खड़े देखा तो पूछ लिया काम चाहिए क्या? मेरी मां से मिल लो, वही घर का सारा काम देखती हैं. इसके बाद मां ने उसे घर के काम के लिए रख लिया. हालांकि, कुछ ही समय में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा को पता चल गया कि वो लड़की असल में कौन है.
गोविंदा की घर की नौकरानी बन बैठी थी फैन
गोविंदा के मुताबिक, उस लड़की को घर का काम करना बिल्कुल नहीं आता था, लेकिन जैसे ही गोविंदा घर आते, उसका बर्ताव अचानक बदल जाता था. उसका यह उत्साह देखकर पत्नी सुनीता आहूजा को कुछ अजीब लगा और उन्होंने खुद इस मामले की तह तक जाने का फैसला किया. आखिरकार सुनीता को पता चल ही गया कि वह लड़की कोई गरीब नहीं, बल्कि बहुत अमीर घर से है और सिर्फ गोविंदा की दीवानगी में यहां नौकरानी बनी बैठी है.
सुनीता आहूजा ने खोला गोविंदा की फैन का राज
इस किस्से को याद करते हुए सुनीता ने बताया, ‘एक दिन वह फोन पर बात कर रही थी. मैंने अचानक उसके हाथ से फोन छीन लिया. वह अपने पापा से बात कर रही थी. तब मुझे मालूम पड़ा कि वह एक बड़े खानदान से है और उसके पिता के पास 8 गाड़ियां हैं. लेकिन वह गोविंदा की इतनी बड़ी फैन थी कि बस उनके आसपास रहना चाहती थी.’
गोविंदा-सुनीता आहूजा ने छिपाकर रखी थी शादी
गोविंदा और सुनीता ने शुरुआती दिनों में अपनी शादी की बात सबसे छिपाकर रखी थी. सुनीता ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उन दिनों यह माना जाता था कि अगर हीरो शादीशुदा है, तो उसकी फैन फॉलोइंग कम हो जाती है. उस वक्त गोविंदा अपने करियर के पीक पर थे. सुनीता ने बताया, ‘मैंने गोविंदा से कहा कि सालभर में जितनी फिल्में साइन कर सकते हो कर लो, तब तक हम चुपचाप रहेंगे. मैं घर के कमरे में छिपी रहती थी ताकि किसी को पता न चले.’ साल 1987 में शादी के बंधन में बंधे गोविंदा और सुनीता ने अपनी बेटी टीना आहूजा के पहले जन्मदिन पर दुनिया के सामने अपनी शादी का खुलासा किया था.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें












