Last Updated:
Cocktail 2 Box Office Collection Day 5: शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है. इस रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा ने 5 दिनों में 60 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है. इस शानदार आंकड़े के साथ ही फिल्म ने सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘परम सुंदरी’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. यह फिल्म साल 2012 की सुपरहिट ‘कॉकटेल’ की स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड किरदारों में थे.
नई दिल्ली. रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल 2’ पिछले शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन से सजी इस फिल्म को क्रिटिक्स से मिले-जुले रिव्यूज मिले हैं. हालांकि, इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है.

शाहिद कपूर की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने ओपनिंग वीकेंड पर शानदार कलेक्शन दर्ज किया. वैसे वीकडेज में इसकी कमाई में गिरावट आई है लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार टिकी हुई है. चलिए जानते हैं कि शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म भारत में कितनी कमाई कर चुकी है.

सैकनिल्क के मुताबिक, शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’ ने 5वें दिन 6.65 करोड़ का बिजनेस किया है. वर्किंग डे होने की वजह से कमाई में बहुत बड़े उछाल की उम्मीद तो नहीं थी, लेकिन फिर भी फिल्म का मोमेंटम शानदार बना हुआ है. फिल्म ने सोमवार को 6.75 करोड़ कमाए थे, यानी मंगलवार को कलेक्शन में बेहद मामूली गिरावट देखने को मिली.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इससे पहले रविवार को फिल्म ने अपना सबसे बड़ा धमाका किया था और सिंगल डे में रिकॉर्ड 17.75 करोड़ बटोरे थे. इस तरह ‘कॉकटेल 2’ का इंडिया में ग्रोस कलेक्शन 71.04 करोड़ और नेट कलेक्शन 60.90 करोड़ रुपये पहुंच गया है. अपनी इस रफ्तार के साथ ‘कॉकटेल 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं.

अब इसने सिद्धार्थ मल्होत्रा-जाह्नवी कपूर की ‘परम सुंदरी’ के टोटल कलेक्शन 53.07 करोड़ का रिकॉर्ड बड़ी आसानी से तोड़ दिया है. इससे पहले ‘कॉकटेल 2’ वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की 50.60 करोड़ की कमाई को काफी पीछे छोड़ चुकी है. यही नहीं, फिल्म ने आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन 51.35 करोड़ को भी पार लिया है.

होमी अडजानिया के डायरेक्शन में बनी ‘कॉकटेल 2’ साल 2012 की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का स्परिचुअल सीक्वल है जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड किरदारों में नजर आए थे. ‘कॉकटेल 2’ की कहानी की शुरुआत कुणाल (शाहिद कपूर) और दीया (रश्मिका मंदाना) से होती है. जो कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं, लेकिन शादी के बंधन पर उनका भरोसा नहीं है.

दोनों सिसली में छुट्टियां मना रहे होते हैं, तभी उनकी मुलाकात दीया की दोस्त एली (कृति सेनन) से होती है. एली के कहने पर दोनों अपना पुराना प्लान कैंसिल कर उसके साथ ट्रिप एन्जॉय करने निकल पड़ते हैं. दीया के मन में यह बात बैठ जाती है कि कुणाल शायद उससे प्यार की वजह से नहीं, बल्कि मजबूरी में शादी करना चाहता है और अपने इसी शक को दूर करने के लिए दीया, एली को कुणाल के साथ फ्लर्ट करने के लिए कहती है. इसके बाद कहानी में बड़ा मोड़ आता है.

शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को लव रंजन और तरुण जैन ने मिलकर लिखा है, जबकि दिनेश विजान, लव रंजन और अंकुर गर्ग ने मैडॉक फिल्म्स और लव फिल्म्स के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है. इन दिनों तीनों सितारों की यह मूवी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है.













