Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 में मेजबान कनाडा ने कतर के खिलाफ 6-0 से धमाकेदार जीत दर्ज की है. इस जीत के साथ ही कनाडा ने लगभग लीग स्टेज की बाधा को पार कर लिया है. अब उसकी कोशिश होगी कि वह अपने आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज नॉकआउट में जगह को सुनिश्चित करें.
जोनाथन डेविड ने कनाडा के लिए लगाई हैट्रिक
नई दिल्ली: जोनाथन डेविड की बेहतरीन हैट्रिक से कनाडा ने लीग स्टेज में कतर को 6-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही कनाडा ने नॉकआउट राउंड में अपनी जगह को लगभग सुनिश्चित कर लिया है. इसम मैच में कतर के दो खिलाड़ियों को लाल कार्ड मिले जिससे उसकी टीम नौ खिलाड़ियों तक सिमट गई. कनाडा की टीम ने इसका पूरा फायदा उठाया. होमन अहमद को पहले हाफ (33वें मिनट) में ही ताजोन बुकानन पर फाउल करने के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया था.
इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में ही असीम मदीबो (51वें मिनट) को इस्माइल कोने पर फाउल करने के कारण लाल कार्ड दिखाया गया. उन्होंने कोने के बाएं पैर के निचले हिस्से में चोट पहुंचाई थी जिससे कनाडा के खिलाड़ी को मैदान से बाहर ले जाया गया. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पिछले सप्ताह फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के कारण टोरंटो में टीम के पहले मैच को देखने के लिए नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन वह इस मैच में उपस्थित रहे. वह फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ बैठे थे.
पूरे मैच में कनाडा ने बनाए रखा अपना दबदबा
साइल लारिन ने 16वें मिनट में रिबाउंड पर टूर्नामेंट का अपना दूसरा गोल दागा. कतर के गोलकीपर महमूद अबुनादा ने डेविड के वॉली शॉट को पंच करके रोक दिया, लेकिन गेंद लारिन के पास गिरी, जिसे उन्होंने गोल में पहुंचा दिया. डेविड ने 29वें मिनट में दाएं पैर से शानदार वॉली मारकर बढ़त को दोगुना कर दिया. कनाडा ने पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में 3-0 की बढ़त बना ली, जब डेविड ने क्रॉसबार से टकराकर आई गेंद पर गोल दागा.
कोने के चोट के कारण बाहर हो जाने के बाद उनके स्थान पर आए नाथन सलीबा ने 64वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया. कतर की किस्मत भी उसका साथ नहीं दे रही थी क्योंकि 75वें मिनट में मोहम्मद मनाई ने अपने गोलकीपर को चकमा देते हुए आत्मघाती गोल कर दिया. डेविड ने स्टॉपेज टाइम में हैट्रिक पूरी की. वह इस विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के बाद एक मैच में तीन गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं.
कनाडा का पहला लीग मैच रहा था ड्रॉ
कनाडा ने अपना पहला मैच बोस्निया-हर्ज़ेगोविना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था. कतर ने भी अपने पहले मैच में ग्रुप बी की मजबूत टीम स्विट्जरलैंड के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था. ग्रुप बी में अब कनाडा और स्विट्जरलैंड के चार-चार अंक हैं. कनाडा बेहतर गोल अंतर के कारण शीर्ष पर पहुंच गया है. स्विट्जरलैंड ने इससे पहले दिन में बोस्निया-हर्जेगोविना को 4-1 से हराया था. बोस्निया और कतर के एक-एक अंक हैं.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें













