Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. इस बार विश्व कप में कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही है. टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा के पास संयुक्त रूप से है. फीफा विश्व स्पोर्ट्स इवेंट माना जाता है. ऐसे में इस प्रतियोगिता से जुड़े कई किस्से और कहानियां भी हैं, जिसमें से एक 1966 में ट्रॉफी चोरी की घटना भी शामिल है.
1966 में फीफा विश्व कप की ट्रॉफी हुई चोरी
नई दिल्ली: भारत में भले ही क्रिकेट की सबसे ज्यादा फैन फॉलोइंग है, लेकिन इस समय उन पर फीफा विश्व कप का बुखार चढ़ा हुआ है. अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन हो रहा है. इस टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. यही कारण है कि इसे खेल जगत का सबसे बड़ा इवेंट माना जाता है. ऐसे में जाहिर है कि इससे जुड़े कई तरह के किस्से और कहानियां भी होंगी. ऐसी ही एक कहानी है विश्व कप ट्रॉफी के चोरी होने की, जिसे बाद में एक जासूस कुत्ते ने ढूंढा था.
घटना साल 1966 की है. फीफा विश्व कप की मेजबानी इंग्लैंड को मिली थी. टूर्नामेंट की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. इसी बीच, विश्व कप शुरू होने से कुछ महीने पहले लंदन के एक एग्जीबिशन से असली फीफा ट्रॉफी जिसे ज्यूल्स रिमेट ट्रॉफी भी कहा जाता था, चोरी हो गई. विश्व कप की असली ट्रॉफी चोरी होने से पुलिस महकमे और फीफा अधिकारियों में हड़कंप मच गया. स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस की पूरी टीम छानबीन में जुट गई, लेकिन ट्रॉफी का कहीं पता नहीं चला.
कुत्ते ने ढूंढी विश्व कप की ट्रॉफी
विश्व कप की ट्रॉफी चोरी होने के कारण पूरी दुनिया में इंग्लैंड की फजीहत हो रही थी. पुलिस ने हर तरह से खोजबीन कर ली, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था. तभी इस पूरे मामले में पिकल्स नाम के एक कुत्ते की एंट्री होती है. ट्रॉफी चोरी होने के सात दिन बाद पिकल्स अपने मालिक के साथ साउथ लंदन के एक पार्क में घूम रहा था. इस दौरान कुत्ते की नजर झाड़ी में पड़ी एक अजीब सी चीज पर पड़ी और वह जोर-जोर से भौंकने लगा.
कुत्ते के लगातार भौंकने के कारण उसका मालिक झाड़ी के पास गया. वहां उसने देखा कि अखबार में लिपटी हुई विश्व कप की असली ट्रॉफी पड़ी है. यह देखते ही पिकल्स के मालिक के होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने फौरन पुलिस को बुलाया और ट्रॉफी उन्हें सुपुर्द कर दी. विश्व कप की ट्रॉफी को ढूंढ निकालने के कारण पिकल्स नाम का वह कुत्ता रातों-रात स्टार बन गया. बाद में जब इंग्लैंड की टीम चैंपियन बनी, तो खिताबी जीत के जश्न के डिनर में उसे एक वीआईपी गेस्ट के रूप में बुलाया गया था.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












