Last Updated:
नीदरलैंड की टीम ने फीफा विश्व कप 2026 के अपने लीग मैच में स्वीडन के खिलाफ 5-1 से दमदार जीत दर्ज की. नीदरलैंड्स के लिए मुकाबले में स्ट्राइकर ब्रायन ब्रोबे ने भी दो गोल किए. अपने इस शानदार प्रदर्शन के बाद ब्रायन ब्रोबे की जिंदगी से जुड़ा वह खौफनाक किस्सा चर्चा में आ गया जब उनकी जान पर बन आई थी और उनका परिवार तबाह होने की कगार पर पहुंच चुका था.
डच फुटबॉलर ब्रायन ब्रोबे
नई दिल्ली: स्वीडन के खिलाफ मुकाबले में नीदरलैंड के स्ट्राइकर ब्रायन ब्रोबे सही समय पर सही जगह पर मौजूद थे. यही वजह है कि उन्होंने मैच में दो गोल दागे, जिससे उनकी टीम ने मैच को 5-1 से अपने नाम किया. लेकिन चार साल पहले ब्रायन ब्रोबे गलत समय पर गलत जगह पर थे, जिसकी वजह से उनकी जान पर बन आई थी, जब उनकी मुलाकात स्कूल के एक ऐसे दोस्त से हुई जिसके गैंगस्टर होने की बात से वे अनजान थे. ब्रायन ब्रोबे की कहानी बेहद खौफनाक है, लेकिन अब वह सभी तरह की मुश्किलों से बाहर आ चुके हैं.
इस मामले के सुलझने के बाद ब्रायन ब्रोबे ने डच मीडिया से कहा था, “मैंने अनजाने में अपने क्लब और देश का सिर शर्म से झुका दिया था. एक दिन मैं आप सभी को गौरवान्वित करूंगा” और उन्होंने फीफा विश्व कप 2026 में यह करके दिखा दिया. नीदरलैंड में आज हर जगह 24 साल के ब्रायन ब्रोबे की ही बात हो रही है. वह देश के हीरो बन गए हैं.
क्या है ब्रायन ब्रोबे की कहानी
घटना साल 2022 की है. ब्रायन ब्रोबे अपने होमटाउन में एक म्यूजिक फेस्टिवल में गए हुए थे. वहां उनकी मुलाकात बचपन या स्कूल के समय के एक पुराने दोस्त से हुई. उस मुलाकात के दौरान ब्रायन ब्रोबे को बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उनका वह दोस्त एक नामी गैंगस्टर बन चुका है, जिसकी वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ने वाली थीं. साधारण सी मुलाकात में ब्रायन ब्रोबे के दोस्त ने उन्हें बताया कि एक मोरोक्कन गैंग तुम्हारे पीछे पड़ी हुई थी, लेकिन मैंने तुम्हें उनसे बचाया है. यह बात तुम्हें नहीं पता थी, क्योंकि मैंने तुम्हें इस खतरे की जानकारी ही नहीं होने दी ताकि तुम परेशान न हो सको.
यह बात सुनकर ब्रायन ब्रोबे हैरान थे. इसके बाद उनका दोस्त कहता है चूंकि मैंने तुम्हारी जान बचाई है, तो मुझे इसके बदले में 15000000 पाउंड प्रोटेक्शन मनी चाहिए. शुरुआत में ब्रोबे को उसकी असलियत पता नहीं थी, लेकिन बाद में सामने आया कि वह शख्स हत्या और ड्रग तस्करी जैसे गंभीर मामलों में वांटेड और एक खतरनाक अपराधी था. इसके बाद ब्रोबे से गलती यह हुई कि उन्होंने अनजाने में पुलिस और दूसरों के साथ उस मुलाकात की बातें और उसकी तस्वीरें शेयर कर दीं, जिससे उस अपराधी के ठिकाने का सुराग पुलिस को मिल गया.
उस मुलाकात के कारण शुरू हुआ गैंगवार
ब्रायन ब्रोबे ने जिस दोस्त से मुलाकात की थी वह एक्सपोज हो चुका था. उसके पीछे सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि उसका दुश्मन गैंग भी पड़ गया. फिर एक दिन ब्रोबे के उस गैंगस्टर दोस्त पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं, जिसके बाद उसकी जान बचाने के लिए इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी. इस हमले में ब्रोबे के गैंगस्टर दोस्त की जान तो बच गई, लेकिन ठीक होने के बाद वह ब्रोबे के पीछे पड़ गया. उस गैंगस्टर दोस्त को लगा कि यह सब ब्रोबे की वजह से हुआ है. यहीं से इस फुटबॉलर की मुश्किलें बढ़ने लगीं.
बदला लेने के लिए उस गैंगस्टर दोस्त ने ब्रोबे की भाभी की कार पर बम फेंका, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची. ब्रोबे को डराने के लिए उनकी सास के घर के लेटरबॉक्स में पटाखे और विस्फोटक डाले गए. कुछ समय बाद खुद ब्रायन ब्रोबे की कार पर भी बम फेंका गया. अज्ञात नंबरों से ब्रोबे को धमकी भरे मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी गई. ब्रोबे पूरी तरह से परेशान हो गए थे और तंग आकर फिर उन्होंने प्रीमियर लीग क्लब सुंदरलैंड जाने का फैसला कर लिया, जहां उनके करियर को एक नई दिशा मिली. आज वह नीदरलैंड के लिए एक स्टार फुटबॉलर बन गए हैं, लेकिन चार साल पहले उनका भविष्य अंधकार में था.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें













