Last Updated:
Chicago Firing News: अमेरिका के शिकागो शहर में शुक्रवार रात एक SUV से आए हमलावरों ने सड़क पर खड़ी भीड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इस हमले में 12 लोग घायल हुए. दो लोगों की हालत गंभीर है. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस जांच में जुटी है.
सांकेतिक फोटो. (AI इमेज)
शिकागो: अमेरिका के शिकागो शहर में शुक्रवार रात हुई अंधाधुंध फायरिंग से हड़कंप मच गया. पुलिस के मुताबिक, एक SUV सड़क पर लोगों की भीड़ के पास आकर रुकी और उसमें बैठे दो लोगों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं. हमला इतना अचानक था कि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस फायरिंग में 12 लोग गोली लगने से घायल हो गए. घायलों में 8 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं, जिनकी उम्र 17 से 47 साल के बीच है. सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, दो पुरुषों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
हमलावर मौके से फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद SUV में सवार दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और हमले की वजह भी साफ नहीं हो सकी है. पुलिस को शुरुआत में एक व्यक्ति के गोली लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर एक महिला की पीठ में दो गोलियां लगी मिलीं, जबकि एक पुरुष की पीठ पर चार छर्रे के निशान पाए गए. दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है. एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ, लेकिन उसने इलाज कराने से इनकार कर दिया.
एक ही दिन में 21 लोगों को लगी गोली
शिकागो पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम से अब तक शहर में 21 लोगों को गोली मारी गई, जिनमें चार लोगों की मौत हो चुकी है. ताजा घटना ने शहर में बढ़ती गन वायलेंस को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है.
जश्न का दिन मातम में बदला
यह हमला ऐसे दिन हुआ जब अमेरिका में जूनटीन्थ (Juneteenth) मनाया जा रहा था, जो गुलामी की समाप्ति की याद में मनाया जाने वाला राष्ट्रीय अवकाश है. इसी दिन पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा ने शिकागो में अपने नए राष्ट्रपति केंद्र के पहले विजिटर्स का स्वागत किया था. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और गन हिंसा पीड़ितों के समर्थक पादरी डोनोवन प्राइस ने कहा, ‘आज जश्न मनाने का दिन था, लेकिन पटाखों की जगह गोलियों की आवाज सुनाई दी. यह बेहद दुखद है.’
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…और पढ़ें












