विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुतबेढ़वा में एक खतरनाक सांड के आतंक से ग्रामीण कई महीनों से परेशान थे। सांड इतना आक्रामक हो गया था कि उसे देखते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता था। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए घर से निकलना भी खतरे से खाली नहीं था।









ग्रामीणों के अनुसार सांड अब तक कई लोगों को घायल कर चुका था, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। कुछ लोगों का इलाज अभी भी चल रहा है। गांव के लोग लंबे समय से इस समस्या से परेशान थे।
आज दिनांक 11 मई 2026 को सुबह लगभग 6:30 बजे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री संजय कुमार गुप्ता की पहल पर सांड को पकड़ने की कार्रवाई की गई। इस कार्य में श्री टुनटुन गुप्ता ने सहयोग किया। मौके पर श्री अजय गुप्ता एवं श्री अशोक कुमार जायसवाल भी मौजूद रहे।
पशु चिकित्सक डॉ. तरुण कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर सांड को चोपन स्थित गौशाला भेजने की व्यवस्था कराई। बाद में सांड को चार पहिया वाहन से सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया।
सांड को पकड़ने से लेकर चोपन गौशाला तक पहुंचाने में होने वाले सभी खर्च की व्यवस्था ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री संजय कुमार गुप्ता द्वारा की गई।
सांड के हटने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली और सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।












