🚨 मौत का जाल बना रेलवे अंडरपास, 20 एमएम सरिया बना हादसों का खुला न्योता! 🚨
विंढमगंज, सोनभद्र।
कोन-विंढमगंज मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास के पास इन दिनों एक बेहद खतरनाक स्थिति लोगों की जान पर बन आई है। सिता मोड़ चौराहे से लगभग 1000 मीटर दूर सड़क के बीचों-बीच 20 एमएम का मजबूत स्टील रॉड (सरिया) बाहर निकला हुआ है, जो हर गुजरने वाले के लिए मौत का जाल बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि यह खतरा कई दिनों से बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक बेखबर बना हुआ है।

इस व्यस्त मार्ग से रोजाना हजारों लोग, स्कूल के बच्चे, बाइक सवार और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। जरा सी चूक किसी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है। बावजूद इसके न रेलवे विभाग जागा है और न ही स्थानीय प्रशासन ने कोई कदम उठाया है।
इसी बीच सलैयाडिह निवासी रूपेश प्रजापति ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सरिया के पास एक डंडे में लाल कपड़ा बांधकर चेतावनी का संकेत लगाया, ताकि लोग सतर्क रह सकें। उनका यह प्रयास सराहनीय जरूर है, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। रूपेश का कहना है कि “अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी की जान जा सकती है।”
स्थानीय ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने अधूरा और लापरवाहीपूर्ण काम किया है, जिसकी जांच और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत सरिया हटाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
अब सवाल यह है—क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?














