नवमी पर मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, विजयादशमी पर होगा भव्य रावण दहन |
विंढमगंज (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत में शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से ही मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा,राम जानकी मंदिर, काली शक्तिपीठ, शिव मंदिर धरती डोलवा शिव मंदिर घीवही, शिव मंदिर मुड़ीसेमर सहित क्षेत्र के तमाम पूजा पंडालों और देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। माता रानी के दर्शनों के साथ ही श्रद्धालुओं ने विशेष पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नवमी के अवसर पर जगह-जगह हवन, कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं रामलीला मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया,साथ ही राम जानकी मंदिर से लेकर शिव मंदिर सलैयाडीह तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ देर रात तक रही कि दो किलोमीटर तक मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया और पूर्ण रूप से सुरक्षा में मुस्तैद रहे ।इसी क्रम में विजयादशमी पर्व को लेकर भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उपाध्यक्ष ओम रावत ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारतीय इंटर कॉलेज के क्रीड़ा स्थल पर विशाल रावण का पुतला दुर्गा पूजा रामलीला समिति के तरफ से तैयार किया गया है, जहाँ रावण दहन और मेले का भव्य आयोजन होगा। मेले में अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी देखने को मिलेगा।


