July 12, 2026 10:58 pm

हरनाकछार में गूंजा हरित क्रांति का संकल्प, पौधारोपण महायज्ञ में 2000 पौधे रोपे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

विंढमगंज (सोनभद्र)। प्रदेश सरकार के पौधारोपण महायज्ञ-2026 के तहत विकास खंड दुद्धी की ग्राम पंचायत हरनाकछार में रविवार को पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए 2000 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया गया। प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

अभियान के दौरान हरनाकछार कम्पोजिट विद्यालय, शिव मंदिर परिसर, पंचायत भवन, आरआरसी केंद्र, सामुदायिक शौचालय एवं श्मशान घाट सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कटहल, इमली, जामुन, महुआ, सागौन, गुलमोहर और नीम के पौधे लगाए गए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी, ग्राम विकास अधिकारी अरुण वर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल शाश्वत द्विवेदी, कम्पोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप गुप्ता, सफाई कर्मी सुनील कुमार एवं ओमप्रकाश पटेल, सम्पूर्णानंद गुप्ता, गणेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “एक पेड़ मां के नाम” अभियान रहा। सभी प्रतिभागियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पर्याप्त ऑक्सीजन और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें जीवित रखने का आह्वान किया। हरनाकछार का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

 

Prem Chand
Author: Prem Chand

ताज़ा ख़बर
error: Content is protected !!