Last Updated:
नई पीढ़ी नसीम बानो से परिचित न हो, पर वे हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार थीं. नसीम बानो ने परिवार के विरोध के बाद 1935 में फिल्म ‘हेमलेट’ से डेब्यू किया था. उन्होंने ‘पुकार’ और ‘तलाक’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं. मगर अपनी बेटी सायरा बानो के खातिर 1950 के दशक में एक्टिंग छोड़ दी. वे फिर कॉस्ट्यूम डिजाइनर का काम करने लगीं. बंटवारे के बाद नसीम बानो के पति पाकिस्तान चले गए, मगर वह भारत में ही रहीं.
नसीम बानो ने कई यादगार फिल्में की थीं.
नई दिल्ली: आज की पीढ़ी जब सायरा बानो का नाम सुनती है, तो उनके जेहन में एक खूबसूरत और शानदार एक्ट्रेस की तस्वीर उभर आती है. मगर क्या आप जानते हैं कि सायरा बानो को यह खूबसूरती और अदाकारी विरासत में मां नसीम बानो से मिली थी. वे अपने जमाने की सबसे बड़ी स्टार थीं. हिंदी सिनेमा के शुरुआती दौर में जब महिलाओं के लिए फिल्मों में काम करना मुश्किल था, तब नसीम बानो ने अपनी एक्टिंग से सबको दीवाना बना लिया था. उन्हें उस दौर की ‘ब्यूटी क्वीन’ कहा जाता था. वे सही मायनों में भारतीय सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार्स में से एक थीं.
नसीम बानो का जन्म 4 जुलाई 1916 को हुआ था. उनका असली नाम रोशन आरा बेगम था. उनका बचपन रईसी में बीता. वे स्कूल भी पालकी में बैठकर जाती थीं. उनकी मां उन्हें डॉक्टर बनाना चाहती थीं और उन्हें लोगों की नजरों से छिपाकर पर्दे में रखती थीं. मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. स्कूल की छुट्टियों के दौरान नसीम अपनी मां के साथ एक फिल्म की शूटिंग देखने गईं. सेट की चकाचौंध देखकर उन्होंने तय कर लिया कि उन्हें एक्ट्रेस ही बनना है. हालांकि, उनके इस फैसले पर घर में बड़ा बवाल हुआ और नसीम को अपनी बात मनवाने के लिए भूख हड़ताल तक करनी पड़ी थी.
‘हेमलेट’ से किया धमाकेदार डेब्यू
नसीम के आगे परिवार को झुकना पड़ा और साल 1935 में आई फिल्म ‘हेमलेट’ से उन्होंने अपना धमाकेदार डेब्यू किया. यह फिल्म सुपरहिट रही और नसीम रातों-रात स्टार बन गईं. उन्होंने ‘पुकार’, ‘तलाक’ और ‘मीठा जहर’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया. उन्होंने अपने दौर के बड़े-बड़े मेल एक्टर्स को कड़ी टक्कर दी और दर्शकों के दिलों पर राज किया. उन्होंने एहसान उल हक से शादी की, जिनसे उनकी बेटी सायरा बानो हुईं. दिलचस्प बात यह है कि जब सायरा बानो ने फिल्मों में कदम रखा, तो नसीम बानो ने अपनी बेटी के करियर और परवरिश के खातिर एक्टिंग से दूरी बना ली.
पाकिस्तान चले गए थे पति
देश के बंटवारे के वक्त नसीम बानो की निजी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव आए. उनके पति पाकिस्तान चले गए, लेकिन नसीम ने भारत में ही रहने का फैसला किया और अपनी बेटी सायरा का साथ दिया. वह एक्टिंग छोड़ने के बाद भी सिनेमा से जुड़ी रहीं और फैशन डिजाइनिंग में हाथ आजमाया. उन्होंने कई फिल्मों के लिए शानदार कॉस्ट्यूम डिजाइन किए. उन्होंने अपनी जिंदगी को सादगी से जीने के बाद मुंबई में आखिरी सांस ली.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें












