मुहर्रम पर गूंजा भाईचारे का संदेश: विंढमगंज में शांतिपूर्वक निकला जुलूस, युवाओं की सेवा बनी मिसाल

विंढमगंज (सोनभद्र)। शुक्रवार को विंढमगंज में मुहर्रम का जुलूस धार्मिक आस्था, अनुशासन और आपसी भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्वक निकाला गया। जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शाहरुख खान, मासूम खान, सज्जन खान, तनवीर खान, अमजद और काजू खान ने पूरे समर्पण के साथ व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। सभी ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं भोजन की उत्तम व्यवस्था बनाए रखी। उनकी सेवा भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
वहीं, थाना प्रभारी श्री संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उनकी निगरानी में सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था अत्यंत सुचारु रही, जिसके चलते मुहर्रम का जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था भी सुव्यवस्थित बनाए रखी गई, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन तथा व्यवस्था में जुटे सभी युवाओं के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से मुहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एकता, धार्मिक सौहार्द और मानव सेवा का प्रेरणादायक संदेश देकर संपन्न हुआ।


















