मां काली मंदिर परिसर के सामने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

विंढमगंज (सोनभद्र), 5 मई 2026: प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत विंढमगंज स्थित मां काली मंदिर परिसर के सामने एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विंढमगंज थाना के मिशन शक्ति प्रभारी एसआई श्री सुनील कुमार राय, हेड कांस्टेबल श्री अरविंद कुमार , कांस्टेबल सुनिल कुमार तथा उनके साथ आई दो महिला कांस्टेबलों रिक्रूट महिला आरक्षी प्राची सरोज ,व साक्षी सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों और उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में यूपी-112 और महिला हेल्पलाइन 1090 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही छेड़छाड़, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर एसआई श्री सुनील राय ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्हें सतर्क और जागरूक रहने की अपील की। वहीं, विंढमगंज थाना के दीवान श्री अरविंद कुमार ने भी महिलाओं को स्वाभिमान के साथ जीवन जीने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने से न डरें।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों से उन्हें सुरक्षा और अधिकारों के प्रति नई जानकारी मिलती है, जिससे उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है।















