Last Updated:
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप ई मुकाबले में जर्मनी ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए क्यूरासाओ को 7-1 के बड़े अंतर से हराया. हालांकि, मैच में क्यूरासाओ ने एक गोल दागकर सबको हैरान कर दिया. क्यूरासाओ फीफा विश्व कप में हिस्सा लेने वाली दुनिया की सबसे छोटी टीम है.
जर्मनी ने 7-1 के अंतर से जीता अपना पहला मैच
नई दिल्ली: चार बार के चैंपियन जर्मनी ने विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप ई के मैच में इतिहास रचने वाले क्यूरासाओ को 7-1 से हराकर कड़ा सबक सिखाया. मैच में क्यूरासाओ को भले ही करारी हार का सामना करना पड़ा लेकिन वह विश्व कप में भाग लेने वाला सबसे छोटा देश बन गया. यही नहीं उसने एक गोल भी किया जो उसके लिए बड़ी उपलब्धि है. फेलिक्स नेमेचा ने छठे मिनट में गोल करके जर्मनी को बढ़त दिलाई. क्यूरासाओ के लिवानो कोमेनेंसिया ने 21वें मिनट में बॉक्स के केंद्र से बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
इससे इस छोटे से कैरेबियाई देश के प्रशंसक खुशी से झूम उठे. इसके बाद पूरे मैच में जर्मनी का दबदबा रहा. उसने 38वें मिनट में नथानिएल ब्राउन के कॉर्नर किक पर निको श्लॉटरबेक के हेडर से किए गए गोल से फिर से बढ़त हासिल कर ली. जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने कहा, ‘‘हमें इस बड़ी जीत की वाकई बहुत जरूरत थी. हमें इस आत्मविश्वास की जरूरत थी. यह पहले से ही मौजूद था, लेकिन अब यह और भी बढ़ गया है.’’
क्यूरासाओ ने भी जर्मनी को कड़ी टक्कर देने की कोशिश
जर्मनी की जीत का अंतर विश्व कप के नौ गोल के रिकॉर्ड से काफी कम है. ऐसा तीन बार हो चुका है. आखिरी बार ऐसा तब हुआ था जब हंगरी ने 1982 में अल साल्वाडोर को 10-1 से हराया था. पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में हावर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया. हाफ टाइम के बाद जर्मनी ने बढ़त मजबूत करने में जरा भी समय नहीं गंवाया और 47वें मिनट में जमाल मुसियाला ने गोल दाग दिया.
ब्राउन ने 68वें मिनट में गोल करके बढ़त को 5-1 कर दिया. डेनिज़ उन्दाव ने ब्राउन के गोल में मदद करने के बाद 78वें मिनट में गोल कर दिया. हावर्ट्ज़ ने अपना दूसरा गोल 88वें मिनट में किया. स्टेडियम में 68,021 दर्शक मौजूद थे जिनमें से अधिकतर जर्मनी का समर्थन कर रहे थे. क्यूरासाओ के भी कुछ दर्शक पहुंचे हुए थे जिन्होंने अपनी टीम का हौसला बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. जर्मनी का अगला मैच शनिवार को टोरंटो में आइवरी कोस्ट से होगा, जबकि क्यूरासाओ शनिवार को कैनसस सिटी में इक्वाडोर से भिड़ेगा.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












