Last Updated:
FIFA World cup 2026: फ्रांस ने राउंड ऑफ 16 में पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. फ्रांस के लिए मैच में किलियन एमबाप्पे ने पेनल्टी को गोल को बदलने का काम किया. इसके साथ ही एमबाप्पे के नाम इस विश्व कप में 7 गोल हो गए हैं, जिसके कारण वे लियोनल मेसी के साथ गोल्डन बूट की रेस में शामिल हुए.
पराग्वे के खिलाफ पेनल्टी को गोल में बदलने के बाद किलियन एमबाप्पे
नई दिल्ली: किलियन एमबाप्पे धमाकेदार प्रदर्शन से फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली. एमबाप्पे फ्रांस के लिए पेनल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम के लिए कमाल किया. हालांकि, पूरे मैच में पराग्वे के खिलाड़ियों ने एमबाप्पे को खुलकर खेलने से रोके रखा. इस दौरान एमबाप्पे को भड़काने की भी कोशिश की, इस दिग्गज खिलाड़ी ने संयम बनाए रखा और माहौल को मुस्कुरा कर नॉर्मल बनाए रखा. यही वजह थी कि जब फ्रांस को 70वें मिनट में पेनल्टी मिली तो उन्होंने बड़ी सहजता से पराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल को छकाकर उस पर गोल कर दिया.
एमबाप्पे के विश्व कप करियर का यह 19वां गोल था जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ. भीषण गर्मी में खेले गए इस मैच में एमबाप्पे के इस गोल ने फ्रांस को लगातार चौथी बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया. एमबाप्पे ने बाद में कहा, ‘‘हम जानते थे कि इस मैच में क्या होने वाला है. हम भी आक्रामक हो सकते थे लेकिन हम जानते हैं कि कैसे खेलना है. हमें पता है कि आक्रामक फुटबॉल कैसे खेलते हैं. शायद वे सोच रहे थे कि हम सूट-बूट में आएंगे, लेकिन हम तैयार थे.’’
गोल्डन बूट की रेस में एमबाप्पे अब मेसी के साथ
फ्रांस क्वार्टर फाइनल में बृहस्पतिवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में मोरक्को का सामना करेगा. पूरे मैच के दौरान भीषण गर्मी की चेतावनी जारी रही क्योंकि तापमान 100 डिग्री फारेनहाइट (38 सेल्सियस) के आसपास बना रहा. ऐसे में एमबाप्पे ने शारीरिक रूप से मजबूत और रक्षात्मक मानसिकता वाली पराग्वे की टीम के खिलाफ मिले सबसे बढ़िया मौके को भुनाने में कोई गलती नहीं की.
फ्रांस को यह पेनल्टी तब मिली जब वीडियो रिव्यू के बाद डिएगो गोमेज को ट्रिपिंग का दोषी पाया गया. एमबाप्पे सभी विश्व कप में कुल मिलाकर सर्वाधिक गोल करने के मामले में अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के करियर रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं. इस टूर्नामेंट में एमबाप्पे और मेस्सी दोनों के सात-सात गोल हैं और वे ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में शीर्ष पर हैं.
नॉकआउट राउंड में जारी है एमबाप्पे का तूफान
एमबाप्पे ने पिछले विश्व कप में यह पुरस्कार जीता था लेकिन तब उनकी टीम फाइनल में अर्जेंटीना से हार गई थी. एमबाप्पे इसके साथ ही पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने तीन विश्व कप के नॉकआउट राउंड में कम से कम तीन गोल किए हैं.
फ्रांस की जीत का अंतर अधिक हो सकता था लेकिन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने दूसरे हाफ में एमबाप्पे के एक बेहतरीन प्रयास को नाकाम किया और ओस्मान डेम्बेले को भी गोल करने से रोका. गिल ने कहा, ‘‘ अगर वह पेनल्टी नहीं लगती, तो मैच अतिरिक्त समय तक चला जाता.’’
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












