Last Updated:
Morocc in Quarter final: फीफा विश्व कप 2026 में अब राउंड ऑफ-16 के मुकाबले शुरू हो चुके हैं. इस राउंड में मोरक्को ने दमदार खेल दिखाते हुए सह मेजबान कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली. सिर्फ इतना ही नहीं, मोरक्को विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में एक से ज्यादा बार पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन गई है.
फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची मोरक्को
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में मोरक्को ने सह मेजबान कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. मोरक्को के लिए मुकाबले में अज्जेदीन ऊनाही खेल दिखाते हुए दो गोल दागे. इस जीत के साथ ही मोरक्को एक से ज्यादा बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाला पहला अफ्रीकी देश बन गया. यह लगातार दूसरा विश्व कप है, जिसमें मोरक्को ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है. 2022 में भी वह सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनी थी.
वहीं, इस मैच की बात करें तो पहले हाफ तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा. पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ. मैच के 50वें मिनट में अचरफ हकीमी के फ्री-किक पास पर अज्जेदीन ऊनाही ने बॉक्स के बाहर से दाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर मोरक्को को 1-0 की बढ़त दिलाई.
विश्व कप में थम गया मेजबान कनाडा का सफर
82वें मिनट में ब्राहिम डियाज के पास पर ऊनाही ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया. इंजरी टाइम के अंतिम मिनट में सुफियान रहीमी ने तीसरा गोल कर मोरक्को की 3-0 से जीत पक्की कर दी. अब मोरक्को का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में पैराग्वे और फ्रांस के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से बोस्टन स्टेडियम में होगा. मोरक्को की कोशिश होगी कि वह अपने दमदार फॉर्म को जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल की बाधा को पार कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करें.
इस हार के साथ सह-मेजबान कनाडा का ऐतिहासिक अभियान समाप्त हो गया. कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण का मुकाबला जीता था और अंतिम 16 में पहुंचा था. बता दें कि कनाडा के साथ फीफा विश्व कप 2026 की मेजबानी मेक्सिको और अमेरिका के पास भी है. इन तीनों देशों में भारी संख्या में फैंस फुटबॉल के इस महाकुंभ को देखने पहुंचे हैं.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












