नई दिल्ली. एक दौर था जब संजय खान और जीनत अमान का रिश्ता बॉलीवुड की सबसे चर्चित सुर्खियों में गिना जाता था. इस रिश्ते ने सिर्फ दो सितारों की निजी जिंदगी ही नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार को भी गहरे इमोशनल दौर से गुजरने पर मजबूर कर दिया. इस रिश्ते और इसके दर्दनाक अंत पर कई रिपोर्ट्स आईं. लेकिन अब सालों अब संजय खान की बेटी फराह खान अली ने उस मुश्किल समय को याद करते हुए कई अनसुने पहलुओं पर बात की है. सबसे ज्यादा चर्चा संजय खान द्वारा जीनत अमान के साथ कथित तौर पर की गई घरेलू हिंसा की रही, जिसके कारण जीनत की आंख में चोट लगने का दावा किया जाता रहा है. फराह ने इस बारे में बात करते हुए बताया कैसे इस रिश्ते ने उनकी मां को तोड़ दिया था और ऐसे हालात बन गए थे कि छोटे बेटे जायद के जन्म के कुछ समय बाद जरीन तीन महीने के लिए घर छोड़कर चली गईं.
इस रिश्ते को सुन टूट गई थीं मां
फराह ने इस बात को भी नहीं छिपाया कि जीनत अमान के साथ उनके पिता के अफेयर का संजय खान और उनकी मां जरीन कतरक खान की शादी पर कितना बुरा असर पड़ा था. उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनके परिवार के लिए बेहद दर्दनाक दौर था, जिसने लगभग उनके माता-पिता के रिश्ते को खत्म ही कर दिया था.
फराह खान अली ने इस मामले पर खुलकर बात की है.
अफेयर का सुन जब मां ने छोड़ दिया घर
उस मुश्किल वक्त को याद करते हुए फराह ने बताया कि उनकी मां ने गजब की हिम्मत दिखाई थी. फराह के छोटे भाई जायद खान के जन्म के ठीक बाद, जरीन खान ने एक बड़ा कदम उठाया और तीन महीने के लिए घर छोड़ दिया था. वह जायद और बाकी परिवार को संजय खान के भरोसे छोड़कर चली गई थीं. फराह बताती हैं कि जब उनकी मां तीन महीने बाद लौटीं तो उनके पिता ने मां का एक बिल्कुल नया और अलग रूप देख. एक ऐसी महिला जो आत्मविश्वासी, स्वतंत्र और अपने पैरों पर खड़ी होने में पूरी तरह सक्षम थी. फराह का मानना है कि यही वो ‘टर्निंग पॉइंट’ था, जिसने संजय खान को वापस उनके परिवार और पत्नी के पास ला खड़ा किया.
‘मेरे पिता किसी पर हाथ उठा नहीं सकते’
फराह ने कैमरे पर बेबाकी से कहा, ‘मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि सोशल मीडिया पर मेरे पिता द्वारा जीनत अमान को पीटने और उनकी आंख में चोट लगने की जो फर्जी कहानी बार-बार सामने आती है, वह पूरी तरह से बकवास है. मेरे पिता ने आज तक मेरी मां या हम बहनों में से किसी पर हाथ नहीं उठाया है. वह ऐसे हिंसक इंसान बिल्कुल नहीं हैं जो किसी महिला पर उंगली भी उठाएं.
जीनत संग संजय खान द्वारा की गई कथित मारपीट की अफवाहों पर भी एक्ट्रेस ने रिएक्ट किया. फाइल फोटो.
जीनत अमान की आंख में दिक्कत जेनेटिक ?
जीनत अमान की आंख की चोट को लेकर एक नया दावा करते हुए फराह ने बताया, ‘मेरी मां ने मुझे बताया था कि मिस अमान की मां को आंखों की एक बीमारी थी. उनकी आंख भी छोटी थी तो, यह कुछ जेनेटिक था जो मिस अमान के साथ हुआ था, न कि वह जो मीडिया में लिखा गया’. फराह ने आगे कहा कि मेरी मां दुनिया की सबसे ईमानदार इंसान रहीं और उन्होंने मुझे बताया था कि मेरे पिता ने कभी जीनत अमान पर हाथ नहीं उठाया. इसलिए, उन्हें पीटने की यह कहानी पूरी तरह से बकवास है और मुझे खुशी है कि मैं आज कैमरे पर इस बात को साफ कर पा रही हूं.’
जीनत-जरीन की कथित लड़ाई का सच
फराह ने उन पुरानी अफवाहों को भी सिरे से खारिज कर दिया जिनमें दावा किया जाता था कि उनकी मां जरीन ने जीनत अमान के बीच लड़ाई या हाथापाई हुई थी. फराह ने कहा, ‘क्या आपको सच में लगता है कि मेरी मां किसी दूसरी महिला से भिड़ेंगी और उसे पीटेंगी? नहीं, मेरी मां ऐसी बिल्कुल नहीं. वह बहुत ही एलिगेंट इंसान थीं, इसलिए यह खबर भी पूरी तरह से फर्जी है.’
मां जरीन ने जब बच्चों को बताया पापा के अफेयर का सच
फराह के मुताबिक, उनकी मां ने इस पूरे दौर में कभी भी कड़वाहट नहीं चुनी और न ही सार्वजनिक तौर पर किसी की बुराई की.फराह ने बताया, ‘जब मां ने हमसे इस बारे में बात की, तो उन्होंने कहा था- ‘तुम्हारे पिता उनकी तरफ आकर्षित थे, इसलिए मैं सिर्फ जीनत को दोष नहीं देती’ आकर्षण दोनों तरफ से था. हो सकता है उस समय खुद उनकी शादी में कुछ कमी रही हो.’ फराह ने अंत में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी मां किसी के बारे में बुरा बोलने वालों में से नहीं हैं.











