Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 में अल्जीरिया का सफर खत्म हो गया है. अल्जीरिया को राउंड ऑफ 32 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 2-0 से करारी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही अल्जीरिया के स्टार खिलाड़ी रियाद महरेज़ ने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी. रियाद महरेज़ अल्जीरिया के लिए 119 मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उनके नाम 40 गोल है.
रियाद महरेज ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में अल्जीरिया का सफर खत्म होते ही टीम के स्टार खिलाड़ी रियाद महरेज ने संन्यास का ऐलान कर दिया. अल्जीरिया विश्व कप के राउंड ऑफ 32 में स्विट्जरलैंड से 2-0 से हार गया था. इस हार के गम को महरेज नहीं पचा पाए, जिसके कारण उनके करियर का ये आखिरी मुकाबला साबित हुआ.
रिटायरमेंट की घोषणा के साथ महरेज ने कहा, ‘‘करियर में उतार चढ़ाव होना स्वाभाविक है. मैंने कुछ अच्छे तो कुछ बुरे दौर भी देखे लेकिन बचपन से ही अल्जीरिया का प्रतिनिधित्व करना मेरा सपना रहा. अपने देश के लिए खेलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और गर्व की बात है. अब नई पीढ़ी को मौका देने का समय है.’’ सऊदी अरब में अल-अहली के लिए खेलने वाले महरेज का क्लब और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार करियर रहा है. इस 35 वर्षीय फॉरवर्ड ने अल्जीरिया की तरफ से 119 मैच खेले जिसमें उन्होंने 40 गोल किए.
स्विट्जरलैंड के खिलाफ अल्जीरिया को एक भी गोल नहीं
वहीं, स्विट्जरलैंड के खिलाफ मुकाबले की बात करें अल्जीरिया ने पहले हाफ में दमदार खेल का प्रदर्शन किया था और गोल के मौके भी बनाए थे, लेकिन स्विट्जरलैंड के डिफेंस को वह नहीं भेद पाए. स्विट्जरलैंड की तरफ से मैच में ब्रिल एम्बोलो और डैन एनदोये ने एक-एक गोल दागे. इस दो गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया पर 2-0 की जीत के साथ विश्व कप के अंतिम 16 में जगह बना ली. स्विट्जरलैंड अगला मुकाबला कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा. राउंड ऑफ 16 का मैच अगले मंगलवार को वैंकूवर में खेला जाएगा.
स्विट्जरलैंड ने 1938 में फ्रांस में खेले गए विश्व कप के बाद नॉकआउट राउंड का कोई मैच नहीं जीता था, लेकिन 1954 में उसकी टीम ने प्लेऑफ मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. स्विट्जरलैंड की टीम पिछले तीन विश्व कप में अंतिम 16 में पहुंची थी लेकिन इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही. अल्जीरिया 2014 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा था. वह 2014 में नॉकआउट राउंड तक पहुंचा था, लेकिन तब जर्मनी से हार गया था.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें











