Last Updated:
Barcelona vs Real Madrid La Liga Final: बार्सिलोना ने कैंप नोउ में रियाल मैड्रिड को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी बार ला लिगा की ट्रॉफी अपने नाम की. रैशफोर्ड और फेरान टोरेस ने गोल किए, कोच हांसी फ्लिक ने पिता के निधन के बावजूद टीम संभाली
बार्सिलोना ने जीता ला-लीगा
बार्सिलोना: बार्सिलोना ने रविवार को कैंप नोउ में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रियाल मैड्रिड को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी और कुल मिलाकर 29वीं बार स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला लिगा का खिताब जीता.
मार्कस रैशफोर्ड के नौवें मिनट और फेरान टोरेस के 18वें मिनट में किए गए गोल ने बार्सिलोना की जीत सुनिश्चित की, इससे उसने ला लिगा के तीन दौर के मैच शेष रहते हुए रियाल मैड्रिड पर 14 अंकों की अजेय बढ़त हासिल कर ली.
अब बार्सिलोना की 35 मैच में 91 और रियाल मैड्रिड के इतने ही मैच में 77 अंक हैं. बार्सिलोना के कोच हांसी फ्लिक रविवार को खेले गए इस क्लासिको मैच में अपने पिता के निधन के बावजूद डगआउट में मौजूद थे. बार्सिलोना ने मैच शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही उनके पिता के निधन की घोषणा की थी. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधी और मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा.
अगर यह मैच ड्रॉ भी हो जाता तो बार्सिलोना के लिए चार सत्र में अपना तीसरा लीग खिताब हासिल करने के लिए पर्याप्त होता. रियाल मैड्रिड ने ला लिगा में रिकॉर्ड 36 खिताब जीते हैं, लेकिन वह लगातार दूसरे साल को ही बड़ी ट्रॉफी नहीं जीत पाया.
बार्सिलोना ने मैच में शुरू से ही दबदबा बना दिया था, उसने शुरू में बढ़त हासिल करने के बाद रियाल मैड्रिड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया, उसकी रक्षापंक्ति में रियाल मैड्रिड के हमलों को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई.
रैशफोर्ड ने फ्री किक पर बार्सिलोना के लिए पहला गोल किया, जबकि टोरेस ने डैनी ओल्मो के पास पर पेनल्टी एरिया के अंदर से गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया जो आखिर तक बरकरार रहा. फ्लिक ने मैच के बाद कहा:
मैं इस दिन को कभी नहीं भूलूंगा. यह मेरे लिए बहुत मुश्किल दिन था, इसकी शुरुआत मेरे पिता के निधन की खबर से हुई, लेकिन मेरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. मुझे यह टीम बहुत पसंद है. यह एक परिवार की तरह है और उन्होंने आज अपना सब कुछ झोंक दिया और मुझे उन पर बहुत गर्व है. इस स्टेडियम में रियाल मैड्रिड के खिलाफ क्लासिको में ला लिगा का खिताब जीतना अद्भुत है.
रियाल मैड्रिड को काइलिन एमबाप्पे की कमी खली जो चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाए. एमबाप्पे ने लीग में अभी सर्वाधिक 24 गोल किए हैं.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें












