—Advertisement—

Fifa World Cup: तुर्की का 24 साल बाद वापसी का जश्न फीका, ऑस्ट्रेलिया ने रौंदकर किया जीत से आगाज, 20 साल के इरंकुंडा ने रचा इतिहास

Author Picture
Published On: June 25, 2026

—Advertisement—

Last Updated:

Australia beat turkiye fifa world cup: तुर्की की टीम 24 साल बाद फीफा विश्व कप में वापसी करते हुए मैदान पर उतरी, लेकिन उनके इस जश्न में ऑस्ट्रेलिया ने रंग में भंग डाल दिया. ग्रुप-डी के अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने तुर्की को 2-0 से हराकर चौंकाया. मैच के पहले हाफ में नेस्टोरी इरंकुंडा ने एक तुर्की के डिफेंस को ध्वस्त करते हुए शानदार शॉट के साथ पहला गोल दागा. इसके बाद, 75वें मिनट में कॉनर मेटकाफ ने दूसरा गोल करके ऑस्ट्रेलिया की जीत पक्की कर दी.

Zoom

ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे कम उम्र में फीफा वर्ल्ड कप गोल करने वाले स्टार बने नेस्टोरी इरंकुंडा.

नई दिल्ली. नेस्टोरी इरंकुंडा और कॉनर मेटकाफ के गोल से ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत हासिल करके तुर्की की 24 साल बाद फुटबॉल विश्व कप में वापसी के जश्न को फीका कर दिया. इस मैच को देखने के लिए फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो भी स्टेडियम में मौजूद थे. ऑस्ट्रेलिया की जीत का श्रेय उसके गोलकीपर पैट्रिक बीच को भी जाता है, जिन्होंने ग्रुप डी के इस मैच में आठ शानदार बचाव किए.

ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया लगातार छठी बार और कुल मिलाकर सातवीं बार विश्व कप में खेल रहा है. तुर्की 2002 में विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा था, लेकिन उसके बाद लगातार पांच टूर्नामेंट में जगह नहीं बना पाया. उसने इस साल प्लेऑफ में कोसोवो को हराकर क्वालीफाई किया. नेस्टोरी इरंकुंडा ने तीन डिफेंडरों से घिरे होने के बावजूद 27वें मिनट में निचले शॉट से गोल करके ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिलाई.

इरंकुंडा ने बनाया रिकॉर्ड
इरंकुंडा ने ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल के दिग्गज टिम कहिल के योगदान को याद करने के लिए कॉर्नर फ्लैग पर मुक्का मारकर जश्न मनाया. वाटफोर्ड के लिए खेलने वाले 20 वर्षीय इरंकुंडा ऑस्ट्रेलिया की तरफ से विश्व कप में सबसे कम उम्र के गोल स्कोरर बन गए हैं. इसके कुछ मिनट बाद बीच ने अब्दुलकरीम बरदाकसी के जोरदार शॉट को रोककर शानदार बचाव किया. ऑस्ट्रेलिया के कोच टोनी पोपोविच ने अनुभवी गोलकीपर मैथ्यू रयान की जगह बीच को शुरुआती एकादश में रखने का चौंकाने वाला फैसला किया जो सही साबित हुआ.

मेटकाफ ने दागा दूसरा गोल
तुर्की को 57वें मिनट में फ्री किक मिली, लेकिन बीच ने बड़ी खूबसूरती से अर्दा गुलेर के शॉट को बचा लिया. रियाल मैड्रिड के लिए खेलने वाले 21 वर्षीय मिडफील्डर गुलेर का जन्म उस समय नहीं हुआ था जब तुर्की आखिरी बार विश्व कप में खेला था. कॉनर मेटकाफ ने 75वें मिनट में इस्माइल युकसेक की गलती का फायदा उठाकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को दोगुना कर दिया.

कॉनर मेटकाफ ने दागा ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरा गोल.

ऑस्ट्रेलिया को पिछले विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में फ्रांस से सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उसने अपने ग्रुप में ट्यूनीशिया और डेनमार्क को हराया था. वह अंतिम 16 में आखिर में चैंपियन बने अर्जेंटीना से हार गया था. तुर्की तीसरी बार विश्व कप में भाग ले रहा है. उसने 1954 में इस टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा लिया था. ग्रुप डी में अमेरिका और पराग्वे की टीम भी शामिल हैं. अमेरिका ने शुक्रवार को लॉस एंजिलिस में खेले गए ग्रुप के पहले मैच में पराग्वे को 4-1 से हराया था.

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें

Related News
Home
Facebook
Telegram
X