Last Updated:
फीफा विश्व कप 2026 में 28 साल बाद वापसी करने वाली स्कॉटलैंड की टीम ने हैती के खिलाफ 1-0 से दमदार जीत हासिल की. इस जीत के साथ स्कॉटलैंड का ग्रुप रोमांचक हो गया है. हैती की टीम भी फीफा विश्व कप में 1974 के बाद हिस्सा ले रही है, लेकिन उस अपने पहले ग्रुप मैच में ही निराशा हाथ लगी.
स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराया
नई दिल्ली: जॉन मैकगिन के 28वें मिनट में किए गए गोल की मदद से स्कॉटलैंड ने ग्रुप सी के मैच में हैती को 1-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल में 32 साल बाद शानदार वापसी की. हैती के एक डिफेंडर से टकराकर गेंद मैकगिन के पास पहुंची और उन्होंने गोलकीपर जॉनी प्लासिड को चकमा देते हुए गोल दाग दिया जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ.
स्कॉटलैंड 1998 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रहा है. उसने 1990 के बाद विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की. तब उसने स्वीडन को 2-1 से हराया था. ग्रुप में प्रबल दावेदार ब्राजील और मोरक्को के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था और इस तरह से स्कॉटलैंड तीन अंक लेकर ग्रुप तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है.
1974 के बाद फीफा विश्व कप खेल रहा है हैती
हैती 1974 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा है. उसे अब भी विश्व कप में अपने पहले अंक का इंतजार है. स्कॉटलैंड की टार्टन आर्मी के समर्थक बड़ी संख्या में यहां पहुंचे थे. उन्होंने बोस्टन से लगभग 30 मील दूर स्थित खचाखच भरे जिलेट स्टेडियम के अंदर लाल रंग की लहर सी पैदा कर दी. स्कॉटलैंड 17वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंच गया जब कप्तान स्कॉट मैकटोमिने को मौका मिला लेकिन उनका शॉट पोस्ट के ऊपरी हिस्से से टकराकर बाहर निकल गया.
हैती को दूसरे हाफ में गोल करने के कुछ अच्छे मौके मिले. रुबेन प्रोविडेंस ने 74वें मिनट में विल्सन इसिडोर को एक क्रॉस पास दिया, लेकिन फॉरवर्ड इसिडोर उस पर गोल करने में नाकाम रहे. इसके बाद 84वें मिनट में फ्रांत्ज़डी पियरोट का हेडर बायीं तरफ से बाहर चला गया. स्कॉटलैंड की टीम शुक्रवार को जिलेट स्टेडियम में मोरक्को के खिलाफ खेलेगी. हैती का अगला मुकाबला शुक्रवार को फिलाडेल्फिया में ब्राजील से होगा.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें












