Last Updated:
Cristiano Ronaldo: मैच के छठे ही मिनट में जोआओ नेवेस ने शानदार हेडर के जरिए गोल कर पुर्तगाल को 1-0 से आगे कर दिया था. हाफ-टाइम से ठीक पहले डीआर कांगो के स्टार फॉरवर्ड योआने विसा ने बराबरी का गोल दागकर इतिहास रच दिया. दूसरे हाफ में क्रिस्टियानो रोनाल्डो को गोल करने के दो बेहतरीन मौके मिले, लेकिन वे इन्हें भुनाने में पूरी तरह नाकाम रहे और मैच 1-1 पर ही खत्म हुआ.
रोनाल्डो नहीं कर सके एक भी गोल.
नई दिल्ली. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला खेलने उतरी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम को डीआर कांगो से 1-1 से ड्रॉ खेलने को मजबूर होना पड़ा. रोनाल्डो का जादू इस मुकाबले में फीका नजर आया. ग्रुप-K के मुकाबले में मजबूत पुर्तगाल को कमजोर मानी जा रही डीआर कांगो ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. पुर्तगाल के लिए जहां यह मुकाबला किसी बड़े झटके से कम नहीं था, वहीं कांगो ने इस ड्रॉ मैच के जरिए फुटबॉल इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. साल 1974 के बाद अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रही कांगो की टीम ने टूर्नामेंट का अपना पहला गोल दागा.
शुरुआती बढ़त के बाद बिखरा पुर्तगाल
मैच की शुरुआत में पुर्तगाल ने पूरी तरह दबदबा बनाया. ब्रूनो फर्नांडीस, जोआओ नेवेस, वितिन्हा और बर्नार्डो सिल्वा से सजे मजबूत मिडफील्ड के दम पर पुर्तगाल ने आक्रामक शुरुआत की. मैच के छठे (6वें) मिनट में ही पेड्रो नेटो के शानदार क्रॉस पर जोआओ नेवेस ने बेहतरीन हेडर के जरिए गोल दागकर पुर्तगाल को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी.
विसा ने दागा कांगो का ऐतिहासिक गोल
शुरुआती झटका लगने के बाद डीआर कांगो ने हिम्मत नहीं हारी. योआने विसा और सेड्रिक बकम्बू की अगुवाई में कांगो के फॉरवर्ड लाइन ने पुर्तगाल के डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू किया और हाफ-टाइम से ठीक पहले कांगो की मेहनत रंग लाई. एक कॉर्नर के बाद आए क्रॉस को योआने विसा ने हेडर के जरिए पुर्तगाल के गोलकीपर डिएगो कोस्टा को छकाते हुए नेट में डाल दिया. इस ऐतिहासिक गोल के साथ ही कांगो के फैंस जश्न में डूब गए और मैच 1-1 की बराबरी पर आ गया.
रोनाल्डो रहे बेअसर, फैंस को मिली निराशा
इस गोल ने पुर्तगाल की लय को पूरी तरह बिगाड़ दिया. दूसरे हाफ में मुकाबला बराबरी का रहा. दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए. दूसरे हाफ में रोनाल्डो को गोल करने के दो शानदार मौके मिले, लेकिन वह दोनों बार चूक गए. मैच के आखिरी पलों (90वें मिनट) में ब्रूनो फर्नांडीस का एक लो-शॉट भी गोल पोस्ट से बाहर निकल गया.
पुर्तगाल को दो अंकों का नुकसान
कांगो के डिफेंडर्स ने खेल के आखिरी मिनटों तक गजब का संयम दिखाया और पुर्तगाल के हर हमले को नाकाम कर दिया. इंजरी टाइम में पुर्तगाल ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन कांगो की दीवार को नहीं भेद पाए. फाइनल व्हिसल बजते ही कांगो के खेमे में जीत जैसा जश्न शुरू हो गया. खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही पुर्तगाल के लिए यह मैच किसी झटके से कम नहीं है, क्योंकि पूरे मैच में गेंद पर कब्जा रखने के बावजूद वे मौकों को गोल में नहीं बदल सके और उन्हें 2 अंक गंवाने पड़े.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें












