Last Updated:
दक्षिण कोरिया के खिलाफ 1-0 से शानदार जीत के साथ मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट में अपनी जगह बना ली है. मेक्सिको लगातार दो जीत के साथ 6 अंक हासिल कर लिए हैं और अपने ग्रुप में टॉप पर है. दक्षिण कोरिया से पहले मेक्सिको ने अपने घेरलू दर्शकों के सामने दक्षिण अफ्रीका को भी हराया था.
मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को हराया
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट में पहुंचने वाली मेक्सिको पहली टीम बन गई है. मेक्सिको टूर्नामेंट की सह मेजबान भी है. मेक्सिको की टीम लीग स्टेज में दक्षिण कोरिया को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर नॉकआउट में अपनी जगह बनाई है. मैच जब गोलरहित बराबरी पर चल रहा था तब खेल के 58वें मिनट में दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच टक्कर होने से गेंद पेनल्टी एरिया के अंदर छूट गई. रोमो के पास यह सुनहरा मौका था और उन्होंने गेंद को आसानी से खाली नेट में डालकर गोल कर दिया जो बाद में निर्णायक साबित हुआ.
यह मेक्सिको के लिए एक बड़ी जीत है जो 2022 में ग्रुप चरण में जीत हासिल करने में नाकाम रही थी और अब उसने घरेलू मैदान पर उत्साहित दर्शकों के सामने दो बार जीत हासिल की है. मैक्सिको के खिलाड़ियों ने मैदान पर जश्न मनाया. वहीं, दक्षिण कोरिया की बात करें तो 87वें मिनट में लगभग बराबरी कर ली थी लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव करके खतरे को टाल दिया था. मेक्सिको के गोलकीपर ने पहले चो ग्वे-सुंग के करीब से किए गए हेडर को रोका और फिर रिबाउंड पर यांग ह्यून-जून के प्रयास को और भी बेहतर तरीके से नाकाम किया.
मेक्सिको की जीत से गदगद हैं कोच जेवियर अगुइरे
मैक्सिको के कोच जेवियर अगुइरे ने कहा, ‘‘हम बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. भले ही यह मैच आकर्षक नहीं था लेकिन मुझे लगता है कि दक्षिण कोरिया ने हमें खास मौके नहीं दिए. इसके बावजूद हम उनकी गलती का फायदा उठाने में सफल रहे.’’ मैक्सिको ने दो मैचों में छह अंक हासिल करके ग्रुप ए में शीर्ष पर अपनी जगह सुनिश्चित की. वह अब दक्षिण कोरिया से तीन अंक तथा चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका से पांच अंक आगे हो गया है. चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले अटलांटा में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था.
बता दें कि इस बार हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी. टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दिए जाने के बाद विश्व कप में पहली बार राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा. वहीं, इस टूर्नामेंट में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका पर 2-0 की जीत के साथ शुरुआत की थी, जबकि दक्षिण कोरिया ने चेक गणराज्य को 2-1 से हराया था. मैक्सिको बुधवार को मैक्सिको सिटी में चेक गणराज्य के खिलाफ ग्रुप चरण का अपना आखिरी मैच खेलेगा, जबकि दक्षिण कोरिया मॉन्टेरी में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें













