माँ काली मंदिर में भगवान लड्डू गोपाल का स्थापना दिवस वर्षगांठ श्रद्धा के साथ मनाया गया, अखंड कीर्तन व भव्य भंडारे का आयोजन हुआ

विण्ढमगंज (सोनभद्र)।
विण्ढमगंज नगर में स्थित प्राचीन मां काली मंदिर परिसर में भगवान लड्डू गोपाल के स्थापना दिवस की वर्षगांठ श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर विण्ढमगंज क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां काली मंदिर पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। मंदिर परिसर पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।स्थापना दिवस वर्षगांठ के कार्यक्रम की शुरुआत मध्य रात्रि से 12 घंटे के अखंड कीर्तन के साथ की गई। रात्रि भर भजन-कीर्तन चलता रहा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं नाम संकीर्तन से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु देर रात तक कीर्तन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे।अखंड कीर्तन के समापन के पश्चात प्रातःकाल विधि-विधान के साथ भक्ति सियाराम प्रसाद गुप्ता उनके परिवार तथा ईस्ट मित्रों क्षेत्रीय लोगों के अगुवाई में भगवान लड्डू गोपाल की स्थापना दिवस वर्षगांठ बड़ी धूमधाम से मनाई गई। विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों की सहभागिता रही।मां काली मंदिर के पुजारी बबलू तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान लड्डू गोपाल की स्थापना दिवस वर्षगांठ के शुभ अवसर पर अखंड कीर्तन एवं भव्य भंडारे का आयोजन सियाराम गुप्ता जी होटल व्यवसाय के द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और धार्मिक संस्कारों को बल मिलता है।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। स्थानीय श्रद्धालुओं एवं मंदिर समिति के सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


