US Army Chief General Randy George: ईरान जंग के बीच अमेरिका में भी खलबली बढ़ गई है. अमेरिका ने अपने सेना प्रमुख को हटा दिया है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को हटा दिया और तत्काल रिटायरमेंट का आदेश दिया है. जी हां, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने गुरुवार (स्थानीय समय) को अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज से तुरंत इस्तीफा देने और रिटायर होने की मांग की है. उनके जाने के बाद उप प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर ला नेवे कार्यवाहक सेना प्रमुख का पद संभालेंगे.
पेंटागन के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि अमेरिकी आर्मी चीफ जॉर्ज से सेना प्रमुख के पद से जल्दी रिटायर होने को कहा गया है. रैंडी जॉर्ज अगस्त 2023 से ही अमेरिकी सेना के प्रमुख थे. यह फैसला नेतृत्व में एक अहम बदलाव का संकेत है, क्योंकि ट्रंप प्रशासन एक ऐसे कमांडर की तलाश में है, जो सेना के लिए राष्ट्रपति ट्रंप और हेगसेथ के विन को लागू करेगा. मतलब ऐसा अमेरिकी आर्मी चीफ जिसकी सोच ट्रंप और हेगसेथ की सोच से मिलती हो, खासकर ईरान युद्ध के मामले में. इसका मतलब है कि ट्रंप ईरान जंग के बीच अमेरिकी सेना के नेतृत्व में परिवर्तन चाहते हैं.
कौन हैं रैंडी जॉर्ज?
दरअस, रैंडी जॉर्ज को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अमेरिकी सेना प्रमुख बनाया था. अगर वह जबरन रिटायर नहीं किए जाते तो आमतौर पर वह 2027 तक इस पद पर बने रहते. वह एक अनुभवी इन्फैंट्री अधिकारी हैं और वेस्ट प्वाइंट स्थित अमेरिकी सैन्य अकादमी से स्नातक हैं. उन्होंने गल्फ वॉर, इराक और अफगानिस्तान जैसे बड़े संघर्षों में सेवा दी है. युद्ध का उन्हें अच्छा खासा अनुभव रहा है.
पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को हटाया, तत्काल रिटायरमेंट का आदेश दिया
अब कौन संभालेगा अमेरिकी आर्मी की कमान
रैंडी जॉर्ज के जाने के बाद उप प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर ला नेवे कार्यवाहक सेना प्रमुख का पद संभालेंगे. ला नेवे अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ के पूर्व सहयोगी हैं और पहले सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन का नेतृत्व कर चुके हैं. पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने ला नेवे को युद्ध में परखे गए नेता के रूप में बताया, जिन पर प्रशासन की प्राथमिकताओं को लागू करने की जिम्मेदारी है.
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ लगातार ले रहे एक्शन
गौहतलब है कि हेगसेथ ने पद संभालने के बाद से एक दर्जन से ज्यादा सीनियर अधिकारियों को हटाया या बदला है. इसमें नेवी की टॉप अधिकारी एडम लिसा फ्रैंचेटी और एयर फोर्स के नंबर दो नेता जनरल जिम सिल्फे भी शामिल हैं. इतना ही नहीं, ट्रंप ने भी उसी समय संयुक्त चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल चार्ल्स सी.क्यू. ब्राउन को हटा दिया था.
अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी की भी छुट्टी
इससे ठीक पहले अमेरिका में एक और शख्स की छुट्टी हुई है. जी हां, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी को पद से हटा दिया. बोंडी पिछले एक साल से जस्टिस डिपार्टमेंट की कमान संभाल रही थीं. उनके कार्यकाल में विभाग पूरी तरह से ट्रंप के एजेंडे पर काम कर रहा था. हालांकि, इसके बावजूद ट्रंप उनसे खुश नहीं थे. सूत्रों का कहना है कि ट्रंप को लगता था कि बोंडी उनके विरोधियों पर कार्रवाई करने में बहुत सुस्त रही हैं. इसके अलावा जेफरी एपस्टीन मामले में उनकी भूमिका ने ट्रंप की नाराजगी को और बढ़ा दिया था. बोंडी की विदाई और अब रेंडी जॉर्ज का जबरन रिटायर…अमेरिका की सियासत में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है.










