Last Updated:
Golconda Spot Film Shooting: सलमान खान की फिल्म वांटेड के आइकॉनिक एक्शन सीन हैदराबाद के गोलकुंडा किले में शूट हुए, किला आज भी फैंस के लिए फिल्मी लोकेशन और पर्यटन आकर्षण बना है. स्थानीय गाइडों के मुताबिक, जब इस फिल्म की शूटिंग चल रही थी, तब सलमान खान की एक झलक पाने के लिए किले के आसपास हजारों फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी थी.
हैदराबाद. बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के करियर में साल 2009 में आई फिल्म वांटेड एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई थी. इस फिल्म ने न सिर्फ सलमान खान के करियर को नई ऊंचाई दी, बल्कि सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में एक्शन फिल्मों का नया दौर भी शुरू कर दिया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के सबसे दमदार और आइकॉनिक एक्शन सीन्स में से एक की शूटिंग हैदराबाद के ऐतिहासिक गोलकुंडा किले में हुई थी. आज भी जब फैंस हैदराबाद के इस भव्य किले को देखने पहुंचते हैं, तो उनके जेहन में राधे का रफ-एंड-टफ अंदाज ताजा हो जाता है.
फिल्म में जब विलेन राधे को घेरने की कोशिश करते हैं, तब गोलकुंडा किले की ऐतिहासिक और संकरी पथरीली सीढ़ियों बाला हिसार पर लंबा चेज और एक्शन सीक्वेंस फिल्माया गया था. डायरेक्टर प्रभुदेवा ने किले के ऊंचे बुर्जों, विशाल दरवाजों और प्राचीन दीवारों का इस्तेमाल सलमान खान के रॉ और देसी एक्शन को पर्दे पर और ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए किया था.
शूटिंग देखने उमड़ी थी हजारों फैंस की भीड़
स्थानीय गाइडों के मुताबिक, जब इस फिल्म की शूटिंग चल रही थी, तब सलमान खान की एक झलक पाने के लिए किले के आसपास हजारों फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी थी. फिल्म के गाने ‘तौसे प्यार करते हैं’ के कुछ हिस्सों और उसके बाद के फाइट सीन में भी गोलकुंडा किले की भव्यता को बेहद खूबसूरती से कैमरे में कैद किया गया था.
कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग का गवाह है गोलकुंडा किला
यह पहली बार नहीं था जब सलमान खान ने इस किले में शूटिंग की हो. इससे पहले उनकी सुपरहिट फिल्म तेरे नाम के कुछ भावुक दृश्य भी इसी किले के परिसर में फिल्माए गए थे. सलमान खान के अलावा अजय देवगन की सिंघम रिटर्न्स और साउथ की ऐतिहासिक फिल्म मगधीरा जैसी कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी गोलकुंडा किले में हो चुकी है.
आज भी पहुंचते हैं फैंस
वांटेड रिलीज हुए डेढ़ दशक से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन आज भी गोलकुंडा किला घूमने आने वाले कई युवा उन सीढ़ियों पर जाकर तस्वीरें खिंचवाना नहीं भूलते, जहां फिल्म में सलमान खान ने गुंडों की जमकर धुनाई की थी. यही वजह है कि गोलकुंडा किला सिर्फ इतिहास का साक्षी नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के कई यादगार पलों का भी गवाह माना जाता है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें












